दिल्ली चुनाव: BJP ने जारी की उम्मीवारों की दूसरी सूची, केजरीवाल को टक्कर देंगे सुनील यादव

Last Updated 21 Jan 2020 09:33:45 AM IST

भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की दूसरी सूची जारी कर दी और दिल्ली इकाई के युवा मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव को नयी दिल्ली विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ खड़ा किया है।


शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने भाजपा के साथ मिल कर चुनाव नहीं लड़ने की सोमवार रात घोषणा की जिसके बाद उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी की गई।      

संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) पर शिअद की राय भिन्न है और इसी के चलते उसने भाजपा के साथ चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया।     

इस सूची में 10 उम्मीदवारों के नाम हैं और इसके अनुसार दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजेन्द्रपाल सिंह बग्गा हरि नगर से और पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा के प्रमुख मनीष सिंह दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने उन सभी चार सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, जहां से दिल्ली विधानसभा चुनावों में शिअद के उम्मीदवार खड़े होते थे।      

धर्मवीर सिंह को कालकाजी, पूर्वी दिल्ली के पूर्व उप महापौर संजय गोयल को शाहदरा और रमेश खन्ना को राजौरी गार्डन से टिकट दिया गया है। इनके अलावा सुमनलता शौकीन नांगलोई जाट से, रविंद्र चौधरी कस्तूरबा नगर से, कुसुम खत्री महरौली से और अनिल गोयल कृष्णा नगर से उम्मीदवार हैं।      

भाजपा ने तीन सीटें सहयोगी दल जद (यू) और लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपपी) के लिए छोड़ी हैं। जद (यू) बुराड़ी तथा संगम विहार वहीं लोजपा सीमापुरी सीट से अपने उम्मीदवार खड़ा करेगी।    

भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में 57 उम्मीदवारों का नाम फाइनल किया था। वहीं दूसरी लिस्ट में बीजेपी ने 10 और उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। कुल मिलाकर भाजपा ने 67 उम्मीदवारो को मैदान में उतारा है। भाजपा ने गठबंधन में दो सीट जेडीयू और एक लोजपा को दी है। शिरोमणि अकाली दल के साथ सीटों पर सहमति नहीं हो पाई थी। लिहाजा अकाली दल ने दिल्ली चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।

भाषा/आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment