पंजाब केसरी के संपादक अश्विनी कुमार चोपड़ा का निधन

Last Updated 19 Jan 2020 03:46:04 AM IST

पंजाब केसरी दिल्ली के मुख्य संपादक और करनाल से पूर्व सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 63 साल के थे।


पंजाब केसरी दिल्ली के मुख्य संपादक और करनाल से पूर्व सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा (फाइल फोटो)

वह टर्मिनल कैंसर से पीड़ित थे और करीब तीन सप्ताह पहले उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि चोपड़ा ने शनिवार दोपहर अंतिम सांस ली। दिग्गज पत्रकार चोपड़ा 2014 में करनाल, हरियाणा से सांसद चुने गए थे। वह पंजाब केसरी, दिल्ली के मुख्य संपादक थे।

‘मिन्ना’ नाम से लोकप्रिय चोपड़ा अपनी युवावस्था में एक होनहार क्रिकेटर थे। चोपड़ा के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व सांसद के निधन पर शोक व्यक्त किया।

खट्टर ने ट्वीट किया, ‘करनाल के पूर्व सांसद और पंजाब केसरी, दिल्ली के संपादक अश्विनी चोपड़ा के निधन के बारे में जानकर काफी दुख पहुंचा। एक सक्षम राजनेता और एक सफल पत्रकार के रूप में आपका जीवन हम सभी का मार्गदर्शन करता रहेगा।’



प्रधानमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदी दैनिक पंजाब केसरी के मुख्य संपादक एवं पूर्व सांसद अश्विनी चोपड़ा के निधन पर शनिवार को शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि चोपड़ा को मीडिया जगत में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर कहा, ‘श्री अश्विनी कुमार चोपड़ा जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें मीडिया जगत में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने लोक प्रतिनिधि के तौर पर कर्मठता से काम किया और कई सामुदायिक कल्याण कार्यों की शुरुआत की। उनके परिवार एवं दोस्तों के प्रति मेरी संवेदना है। ओम शांति।’

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment