हेड कांस्टेबल ने गोली मारकर दी जान

Last Updated 13 Dec 2019 07:11:34 AM IST

भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह के सरकारी आवास पर तैनात एक हेड कांस्टेबल ने सर्विस पिस्टल से गोली मारकर जान दे दी।


हेड कांस्टेबल ने गोली मारकर दी जान

बृहस्पतिवार शाम सांसद के कर्मी ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को गार्ड रूम से बरामद  कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।  हेड कांस्टेबल के सिर में गोली लगी हुई थी। मृतक की पहचान उनीश कुमार (46) के रूप में हुई। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि  निजी कारणों से वह परेशान चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उनीश परिवार के साथ नरेला में रहते थे और सिक्योरिटी यूनिट में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। उनकी ड्यूटी 21 अशोका रोड स्थित भाजपा सांसद के आवास पर थी। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस को सांसद आवास से ही इस घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ हालत में उनकी बॉडी गार्ड रूम में बरामद की। पुलिस को मौके से सर्विस पिस्टल पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलने के बाद एडिशनल सीपी हिबू तमंग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर मामले की जांच की।

पुलिस ने आशंका जताई है कि डिप्रेशन की वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस उनके परिवार, सासंद आवास पर काम करने वाले कर्मचारियों से बात कर उनकी खुदकुशी के कारणों को जानने का प्रयास कर रही है। अभी तक की जांच में पुलिस इस घटना को खुदकुशी मानकर चल रही है।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment