दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर महिला की हत्या

Last Updated 01 Dec 2019 01:53:29 AM IST

गुलाबी बाग इलाके में दुष्कर्म के बाद अधेड़ महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।


दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर महिला की हत्या (प्रतिकात्मक चित्र)

पुलिस ने बताया कि 55 वर्षीय महिला गुलाबी बाग के किशनगंज स्थित अपने पैतृक मकान में रहती थी। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। महिला अविवाहित थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला अपने मकान के निचले हिस्से में पूजा पाठ का सामान बेचती थी। शनिवार सुबह करीब आठ बजे पड़ोस में रहने वाले एक बुजुर्ग पूजा का सामान लेने उसकी दुकान पर गए थे, जहां घर का दरवाजा खुला था। 

उन्होंने आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर वह कमरे के अंदर गए, तो देखा कि महिला जमीन पर पड़ी थी और उसके मुंह से खून निकल रहा था। इसके बाद बुजुर्ग ने इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया।

प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हुआ। महिला के घर से कोई सामान गायब नहीं मिला। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। पुलिस को महिला के घर के पास ही एक कैमरे में एक संदिग्ध दिखाई दिया। संदिग्ध युवक शुक्रवार रात करीब साढ़े बारह बजे महिला के घर में घुसता देखा गया।

शक के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान शुरू की गई। स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान 22 साल के धर्मराज के रूप में की। 

पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की, तो उसने दुष्कर्म के बाद हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी रात में पूजा की सामग्री लेने के बहाने महिला के घर में घुस गया। उसने शराब के नशे में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच पीड़िता ने आरोपी के मुंह पर थूक दिया।

इसके बाद धर्मराज ने महिला का गला दबा दिया और अपने घर आ गया। गिरफ्तारी के वक्त वह घर में सो रहा था। आरोपी को भरोसा था कि वारदात करते हुए उसे किसी ने नहीं  देखा है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने उसकी कलई खोल दी।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment