लेजर शो से जगमग हुई दिल्ली

Last Updated 27 Oct 2019 12:59:26 AM IST

दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क का नजारा शनिवार को बदला हुआ था।


शनिवार को दीपावली की पूर्व संध्या पर कनाट प्लेस के सेंट्रल पार्क में दिल्ली सरकार द्वारा लेजर शो से मनाई जा रही ‘दिल्ली की दिवाली’ का जगमग नजारा। फोटो : नवीन पांडेय

दिवाली से एक दिन पहले दिल्ली सरकार की ओर से पहली बार आयोजित चार दिवसीय लेजर शो ‘दिल्ली की दिवाली’ को देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। जनता के साथ दिवाली को नए तरीके से सेलिब्रेट करने के लिए उपराज्यपाल अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव विजय देव, दिल्ली पर्यटन की सचिव मनीषा सक्सेना, दिल्ली पर्यटन के एमडी संजय गोयल, नई दिल्ली क्षेत्र की डीएम तन्वी गर्ग, सहारा न्यूज नेटवर्क के प्रिंसिपल एडवाइजर उपेन्द्र राय, डॉ. रचना समेत बड़ी संख्या में दिल्ली सरकार के अधिकारी मौजूद थे। यह कार्यक्रम 26 से 29 अक्टूबर तक चलेगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उपराज्यपाल अनिल बैजल ने इस तरह की इलेक्ट्रॉनिक दिवाली का आयोजन करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि यह काम अनूठा है। आज के समय में वायु प्रदूषण से हम लोग जूझ रहे हैं। मैं इसमें नहीं जाना चाहता कि इसकी वजह क्या है? उन्होंने कहा कि पहले यहां की जनसंख्या काफी कम थी, जो आज बढ़कर करीब दो करोड़ तक पहुंच चुकी है। इसकी वजह से निर्माण कार्य बढ़े हैं और फैक्टरियां भी लगी हैं। इसकी वजह से प्रदूषण में इजाफा हुआ है। हमें इससे निपटने के लिए कठोर कदम उठाने होंगे।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली वालों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यहां दो करोड़ लोग रहते हैं। यहां सभी धर्म, जाति, संप्रदाय के लोग एक परिवार की तरह हैं। यहां अमीर-गरीब भी एक साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हम लोग अपने परिवार में दिवाली मनाते हैं, ठीक उसी तरह से हम लोग यहां पर पूरी दिल्ली के लोगों के साथ एकत्र होकर दिवाली मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि याद करो छोटी दिवाली पर कितने पटाखे फूटते थे, लेकिन इस बार एक भी पटाखे की आवाज नहीं सुनाई दे रही है, जो अच्छी शुरुआत है।
 उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि हम आज यहां पर पहली बार कम्युनिटी दिवाली मना रहे हैं। उन्होंने अपने बचपन को याद करते हुए कहा कि बचपन में मुहल्ले में भी दिवाली मनाने के लिए मम्पी-पापा से पूछकर जाते थे। यहां पर पहली बार पूरी दिल्ली इकट्ठा होकर दिवाली मना रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन के लिए मैं दिल्ली की जनता का आभार जताता हूं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दिल्ली में दिवाली का मतलब बदल जाएगा।
 इस मौके पर रामायण की पूरी कथा को महज दस मिनट में लेजर शो के माध्यम से दिखाया/सुनाया गया। गीत-संगीत के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए । पहले रिकार्डेड गीत पर लेजर शो दिखाया गया, जिसका भरपूर आंनद जनता ने उठाया। इसके बाद पाश्र्व/बैंड गायक जावेद अली, इंडियन ओशियन, शिल्पी राव, पलास सेन आदि ने अपने गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment