दिल्ली में 24 घंटे में 9 हत्याएं: सीएम केजरीवाल ने उठाये सवाल, पुलिस ने दिया ये जवाब

Last Updated 24 Jun 2019 03:10:07 PM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राजधानी में बढ़ते अपराध पर चिंता का दिल्ली पुलिस ने जवाब दिया है।


प्रतिकात्मक फोटो

केजरीवाल ने राजधानी में शनिवार से रविवार के दौरान तीन अलग-अलग घटनाओं में नौ लोगों की हत्या के संबंध में ट्वीट करके दिल्ली में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को लेकर केंद्र पर निशाना साधा था। दिल्ली पुलिस ने भी ट्वीट के जरिये मुख्यमंत्री को जबाव दिया है।
     
राजधानी में दिल्ली पुलिस का जिम्मा केंद्र सरकार के पास है और इसे लेकर केजरीवाल पहले भी कई बार केंद्र पर निशाना साध चुके हैं।

केजरीवाल ने कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को लेकर रविवार को ट्वीट किया था ‘‘राजधानी में गंभीर अपराधों में खतरनाक बढ़ोतरी नजर आ रही है। वसंत विहार में वृद्ध दंपती और उनकी घरेलू सहायिका घर में मृत पाये गए । दिल्ली में गत 24 घंटों के दौरान नौ हत्याएं हो चुकी हैं। दिल्ली वालों को सुरक्षा के लिए किसका दरवाजा खटखटाना चाहिए।’’


     
दिल्ली पुलिस ने ट्वीटर के जरिये ही मुख्यमंत्री को जबाव दिया। दिल्ली पुलिस अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली में अपराधों में इजाफा नहीं हुआ है। वर्ष 2019 में पिछले साल के मुकाबले जघन्य अपराध 10 प्रतिशत तक कम हुए हैं। वृद्धों के खिलाफ भी जघन्य अपराधों में 22 प्रतिशत की कमी आई है।’’


     
दूसरे ट्वीट में दिल्ली पुलिस ने लिखा ‘‘जिन घटनाओं का उल्लेख मुख्यमंत्री कर रहे हैं, इन तीन मामलों में से दो में अपराध या तो परिवार के सदस्य ने किया है अथवा घर के ही किसी परिचित व्यक्ति ने किया है। वसंत विहार मामले में भी घर आने वाला व्यक्ति मित्रता संबंध वाला था और पुलिस के पास इस मामले को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी है।’’


     
गौरतलब है कि महरौली में एक व्यक्ति ने पत्नी और तीन बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी थी। दूसरा मामला द्वारका है जहां एक दृष्टिहीन संगीत अध्यापक और उसकी पत्नी की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई । तीसरा मामला वसंत विहार का है जहां एक बुजुर्ग दंपती और उनकी घरेलू सहायिका की हत्या कर दी गयी।
 

वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment