दिल्ली: उप राष्ट्रपति, केन्द्रीय मंत्रियों ने योग दिवस समारोहों का नेतृत्व किया

Last Updated 21 Jun 2019 10:45:15 AM IST

उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और राजनाथ सिंह एवं डॉ. हषर्वर्धन सहित कई केन्द्रीय मंत्रियों ने शुक्रवार को पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में कार्यक्रमों का नेतृत्व किया।




प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रांची में आयोजित कार्यक्रम की अगुवाई की जहां प्रभात तारा मैदान में करीब 40 हजार लोगों के साथ उन्होंने योग किया।        

दिल्ली में राजपथ और लाल किले के विशाल मैदान से लेकर नगर निगम के पार्क, अस्पतालों, बगीचों और कार्यालयों में योग का आयोजन किया गया जिसमें दिल्ली के हजारों उत्साही लोगों ने योगासन किया।    

दिल्ली के राज्यपाल अनिल बैजल, पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और भाजपा की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी लेखी सहित राजनाथ सिंह ने राजपथ पर योगासन किया।   

      
समारोहों के कारण शहर के कुछ हिस्सों में यातायात प्रतिबंध लगा दिया गया था। किसी भी तरह का अप्रिय घटना ना हो, यह सुनिश्चत करने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध भी किए गए थे।         

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय के पास स्थित एक पार्क में पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ योग किया।         



केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने हौज खास में, पीयूष गोयल ने लोधी गार्डन में, डॉ. हषर्वर्धन ने सिविल लाइंस के कुदेसिया गार्डन में, स्मृति ईरानी ने राज नगर के दादा देव मैदान में और संगम विहार में थावरचंद गहलोत सहित अन्य लोगों ने योग दिवस पर समारोह का नेतृत्व किया।        

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने नेहरू पार्क और तालकटोरा मैदान में भी योग कार्यक्रम का आयोजन किया।         

कार्यक्रमों की शुरुआत रांची से प्रधानमंत्री के भाषणों के प्रसारण के साथ हुई। कार्यक्रम स्थलों पर लगाए गए स्क्रीनों पर इस भाषण का प्रसारण किया गया। इसके अलावा, शहर के विभिन्न पार्क और कार्यालय भवनों में कई योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।        

कई केंद्रीय मंत्रालयों ने सरकारी कर्मचारियों के लिए अपने कार्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किए। आवागमन को सुगम बनाने के लिए मेट्रो सेवाओं का संचालन सुबह 4 बजे से शुरू कर दिया गया था।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment