भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों ने झुलसाया

Last Updated 31 May 2019 04:22:10 AM IST

बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी ने पिछले पांच वर्षो का रिकार्ड तोड़ते हुए 44.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि इस दौरान दिल्ली के पालम इलाके का अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।


भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों ने झुलसाया

इसके साथ ही दिनभर दिल्ली के लोग लू के थपेड़ों से झुलसते रहे। आज दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली के औसत अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार जाने की आशंका जताई है।  बृहस्पतिवार को दिल्ली के अधिकतर इलाके का अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान अधिकतर इलाके में 26-27 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया। सुबह से ही दिल्ली के लोगों को गर्म हवाओं ने परेशान करना शुरू कर दिया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे-वैसे धूप और तीखी होती गई और शरीर को झुलसाना शुरू कर दिया।

दोपहर के वक्त तो सामने से आने वाली गर्म हवाएं चेहरे को जला रही थी। दिन में सड़कों पर दो पहिया वाहन चालकों को गर्मी से बचने के लिए सड़क के किनारे पेड़ की छांव में गर्मी से बचने की कोशिश करते हुए देखा गया। भीषण गर्मी की वजह से आज दिन के वक्त सड़कों पर भीड़-भाड़ बहुत कम थी। शाम के वक्त भी ऐसा ही देखने को मिला। अक्सर शाम के वक्त पर्यटक स्थलों पर भीड़-भाड़ देखने को मिलती है, लेकिन पिछले दो दिनों से ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है। दुकानें भी भीषण गर्मी से रात को जल्दी बंद हो जा रही है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में शुक्रवार को यहां का तापमान 45 और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। दिन में धूल भरी तेज हवाएं चल सकती है और कल भी लू के चलने का सिलसिला जारी रहेगा।  बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आज आद्रता का स्तर गिरकर महज 12 फीसद दर्ज किया।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment