थप्पड़ कांड के लिए मोदी दें इस्तीफा : केजरीवाल

Last Updated 06 May 2019 01:38:35 AM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनाव प्रचार के दौरान शनिवार को एक युवक की ओर से खुद को थप्पड़ मारे जाने की घटना के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ होने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि उन्हें (मोदी को) तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (file photo)

केजरीवाल ने यहां संवाददाता सम्मेलन के दौरान इस घटना को दिल्ली के लोगों पर हमला बताते हुए मोदी से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि मोदी ने थप्पड़ मारने की घटना की साजिश रची है। उन्होंने कहा कि वह ऐसी घटनाओं से नहीं घबराएंगे व आखिरी सांस तक अपने देश के लिए लड़ते रहेंगे।

केजरीवाल ने कहा कि अगर किसी अन्य मुख्यमंत्री पर ऐसा हमला होता है, तो क्या पुलिस आयुक्त अपनी नौकरी बचा लेते? खुद प्रधानमंत्री को इस तरह की घटना के बाद इस्तीफा दे देना चाहिए।

इस हमले के लिए पुलिस जिम्मेदार नहीं है, भाजपा और पीएम जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि हमलावर की पत्नी ने एक बयान में कहा है कि उसका पति ‘मोदी भक्त’ है। उन्होंने भाजपा पर दिल्ली की आप सरकार गिराने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। 

केजरीवाल ने कहा कि मेरे दफ्तर पर छापे पड़े। मेरे बेडरूम में भी। मेरे खिलाफ 33 मामले दर्ज हैं। पिछले पांच वर्षों में उन पर यह नौवां हमला था और जबसे वह मुख्यमंत्री बने हैं तब से यह पांचवां था।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment