भाजपा फिर आई तो राहुल होंगे जिम्मेदार : केजरीवाल

Last Updated 26 Apr 2019 06:09:42 AM IST

केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों को सभी राज्यों में कमजोर करने का कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर चुनाव के बाद भाजपा फिर से सत्ता में आती है तो इसके लिए सिर्फ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जिम्मेदार होंगे।


आप नेता संजय सिंह, मनीष सिसौदिया, अरविंद केजीरावल तथा राम गोपाल अपना घोषणा पत्र जारी करते हुए।

केजरीवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने सभी राज्यों में विपक्ष के गठबंधन को कमजोर करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि मुझे बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मोदी और अमित शाह जी की जोड़ी अगर दोबारा सत्ता में आती है तो इसके लिए केवल राहुल गांधी जिम्मेदार होंगे।

केजरीवाल ने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में भी विपक्ष को हराने की पूरी कोशिश कर रही है, जगह-जगह सपा, बसपा गठबंधन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस केरल, पश्चिम बंगाल में भी विपक्ष को नुकसान पहुंचा रही है। मुझे नहीं पता कांग्रेस की मंशा क्या है। चुनाव के बाद कांग्रेस की अगुवाई में सरकार बनने की स्थिति में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिये आप द्वारा समर्थन देने के सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि यह चुनाव किसी को प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव नहीं है बल्कि देश को बचाने का चुनाव है।

हमारा सबसे पहला मकसद होगा मोदी और अमित शाह जी की जोड़ी को हटाना। इसके लिये उस समय जो भी स्थिति बनेगी, उसके अनुकूल फैसला किया जायेगा। जो दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देगा, आप का उसे समर्थन मिलेगा।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment