घने कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली, यातायात और हवाई उड़ान प्रभावित

Last Updated 18 Jan 2019 11:44:47 AM IST

राष्ट्रीय राजधानी शुक्रवार की सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी रही जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आये। घने कोहरे की वजह से कुछ घंटों तक दृश्यता शून्य रहने से करीब 10 ट्रेनें लेट हो गईं और कई उड़ानों का मार्ग परिवर्तित करना पड़ा


दिल्ली में कोहरे का कहर, हवाई उड़ान प्रभावित

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का न्यूनतम तापमान मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री सेल्सियस नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

राजधानी में घने कोहरे के कारण 10 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। दिल्ली परिवहन पुलिस ने भी कोहरे के दौरान वाहन चालकों को सावधानी बरतने और वाहन की लाइटें जलाकर धीमी गति में वाहन चलाने की सलाह दी है।

राजधानी के कई हिस्सों में घने कोहरे के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर शुक्रवार को विमानों का परिचालन बाधित हो गया।         

आईजीआई हवाईअड्डे पर विमानों का आगमन एवं प्रस्थान रुका हुआ है। सुबह साढे पांच और साढे आठ बजे के बीच दो विमानों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया।         

हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘विमानों का परिचालन रुका हुआ है। बहुत कम विमानों ने उड़ान भरी है और वह भी उनके आकार, दृश्यता और उड़ान भरने के लिए वायु यातायात नियंत्रण मंजूरी के आधार पर।’’         

एक अधिकारी ने बताया कि सुबह साढे पांच बजे से सात बजे तक विमानों को उड़ान भरने से पूरी तरह रोक दिया गया तथा सुबह छह बजे और सात बजकर 20 मिनट के बीच रुक-रुककर विमान उतरे। घने कोहरे के कारण सुबह सात बजे के बाद भी विमानों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई।         

उन्होंने बताया कि सिंगापुर से आईजीआई हवाईअड्डे आ रहे एक विमान का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। उसे कोलकाता ले जाया गया। दिल्ली में रनवे पर उड़ान भरने के लिए 125 मीटर की न्यूनतम दृश्यता की आवश्यकता होती है।         

अधिकारी ने बताया कि घने कोहरे के कारण शुक्रवार तड़के चार बजे से ही दिल्ली हवाईअड्डे पर दृश्यता बहुत कम है। विस्तारा एयरलाइन ने शुक्रवार को सुबह आठ बजकर 23 मिनट पर ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली में घने कोहरे और खराब दृश्यता के कारण विमानों के आगमन एवं प्रस्थान में देरी की संभावना है जिससे पूरे नेटवर्क में उड़ानों पर काफी असर पड़ सकता है।’’

उसने कहा, ‘‘अभी दिल्ली से विमानों का प्रस्थान रुका हुआ है और यह मौसम साफ होने की स्थिति में सुबह साढे नौ बजे तक बहाल होगा।’’         

जेट एयरवेज ने भी सुबह छह बजकर 33 मिनट पर ट्वीट किया कि दिल्ली हवाईअड्डे के साथ-साथ बेंगलुरू हवाईअड्डे पर भी घने कोहरे के कारण उसके कुछ विमानों का परिचालन बाधित है।

घने कोहरे की वजह से कुछ ट्रेनें भी लेट हुईं। पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 6 घंटे, गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस व हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस पांच घंटे लेट हुईं।

 

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी और आसपास के क्षेत्रोम में सुबह घना कोहरा छाया रहा। सुबह साढ़े आठ बजे आद्र्रता का स्तर 100 प्रतिशत दर्ज किया गया। राजधानी की वायु गुणवत्ता भी गंभीर स्तर पर बनी हुई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियांण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक सुबह नौ बजे समग्र  वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 411 दर्ज किया गया जो ‘गंभीर’की  श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग के सूत्रोम के अनुसार कोहरा छाये रहने और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

एजेंसियां
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment