पिंक लाइन मेट्रो का और विस्तार, लाजपत नगर-मयूर विहार पॉकेट-1 कॉरिडोर का उद्घाटन

Last Updated 31 Dec 2018 03:23:33 PM IST

केन्द्रीय शहरी आवास मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पिंक लाइन के लाजपत नगर से मयूर विहार पॉकेट -1 खंड पर आज मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया।


लाजपत नगर-मयूर विहार खंड पर मेट्रो सेवा का उद्घाटन (फाइल फोटो)

दोनों नेताओं ने दिल्ली मेट्रो के मुख्यालय मेट्रो भवन में आयोजित कार्यक्रम में रिमोट के जरिये इस खंड पर मेट्रो ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया।
     
9.7 किलोमीटर लंबे इस खंड पर शाम चार बजे से मेट्रो सेवा यात्रियों के लिए शुरू हो जायेगी। इस खंड के चालू हो जाने के बाद मजलिस पार्क से शिव विहार लाइन के सभी स्टेशन चालू हो जायेंगे। इसके साथ ही राजधानी का हजरत निजामुद्दीन स्टेशन सराय कालेखां बस अड्डा भी मेट्रो सेवा से जुड़ जायेगा। नयी दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहले से ही मेट्रो सेवा से जुडे हुए हैं।
      
इस खंड पर पांच स्टेशन विनोबा पुरी, आश्रम, हजरत निजामुद्दीन , मयूर विहार -1 और मयूर विहार पॉकेट-1 हैं। इनमें से दो स्टेशन एलिवेटिड और तीन भूमिगत हैं।

हालांकि त्रिलोकपुरी के पास जमीन अधिग्रहण को लेकर उत्पन्न विवाद के चलते यात्रियों को मयूर विहार पॉकेट-1 पर उतरकर किसी अन्य साधन से त्रिलोकपुरी स्टेशन पहुंचकर आगे
की यात्रा आरंभ करनी पडेगी। विवाद के चलते ये दोनों स्टेशन अभी जोडे नहीं जा सके हैं। मजलिस पार्क से मयूर विहार पॉकेट -1 के बीच पीक समय में मेट्रो की फ्रीक्वेंसी 5 मिनट 12 सेकेंड और नॉन पीक ऑवर में 5 मिनट 45 सेकेंड रहेगी। इस लाइन पर कुल 29 ट्रेन चलायी जायेंगी। 

इस खंड के चालू होने के बाद दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 327 किलोमीटर हो जायेगा जबकि स्टेशनों की संख्या बढकर 236 हो जायेगी। दिल्ली मेट्रो के तीसरे चरण के सभी प्रमुख कॉरिडोरों भी मेट्रो सेवा शुरू हो जायेगी।
 

वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment