दिल्ली में मौसम का सबसे ठंडा दिन न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री

Last Updated 30 Dec 2018 07:00:21 AM IST

दिल्ली-एनसीआर में सर्दी सिर्फ ठिठुरा ही रही है, बल्कि आपको जमाने के लिए तैयार है।


दिल्ली में मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा शनिवार, न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री

शनिवार को इस सीजन के सबसे सर्द दिन के तौर पर दर्ज किया गया, जब दिल्ली का न्यूनतम तापमान शिमला के न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे लुढ़ककर 2.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। परेशान होने की बात तो यह है कि रविवार को यहां का न्यूनतम तापमान और नीचे लुढ़ककर 2 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसके साथ ही घना कोहरा भी छाए रहने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत का कहना है कि एक जनवरी को मौसम का मिजाज थोड़ा ठीक होगा और न्यूनतम तापमान चढ़कर 4-5 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, लेकिन यह स्थिति बहुत दिनों तक नहीं बनी रहेगी। पांच और छह जनवरी से फिर एक बार पारा गिरना शुरू होगा और दिल्ली फिर से एक बार शिमला बनेगी। अगले सप्ताह जब पारा गिरेगा तो उसके साथ घना कोहरा भी छाया रहेगा, जिससे दिन के वक्त भी लोगों को कड़ाके की ठंड सताएगी। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ से कड़ाके की ठंड का सितम दिल्ली के लोग झेल रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उतर की दिशा से ठंडी हवा दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में दस्तक दे रही है। जिस वजह से शुक्रवार को अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। इसी तरह से मौसम की गतिविधियां नए साल के शुरु आती दिनों तक जारी रहेंगी। 

मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसम्बर को भी दिल्ली का तापमान 2 से 3 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग का अनुमान सही हुआ तो पिछले कई सालों का रेकॉर्ड टूट जाएगा। साल के अंत तक ठंड का प्रकोप इसी तरह बना रहेगा। तीन जनवरी तक कंपकंपाती ठंड से राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है। विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली के पूसा इलाके का न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सबसे कम तापमान रहा। इसके बाद लोधी रोड 2.5, जाफरपुर 3, मुंगेशपुर 3.3, पालम 5 और आया नगर में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

समयलाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment