कड़ाके की ठंड ने पांच साल का रिकार्ड तोड़ा

Last Updated 28 Dec 2018 05:51:18 AM IST

दिल्लीवासियों पर शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड का सितम जारी रहा। बृहस्पतिवार को यहां का पारा लुढ़ककर 3.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा।


कड़ाके की ठंड ने पांच साल का रिकार्ड तोड़ा

इतना ही नहीं आज भी पारे ने पिछले पांच साल का रिकार्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार आने वाले दिनों में सर्दी और रिकार्ड बना सकती है। विभाग की माने तो शुक्रवार से तापमान के और नीचे आने की संभावना है। इसके साथ ही शीत लहर का सितम भी जारी रहने वाला है।

पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के लोग दोहरी मार झेल रहे है। सुबह और शाम को जहां कड़ाके की ठंड से हाथ-पांव सुन्न हो जा रहे हैं तो दिन में चटख धूप खिलने पर गर्म कपड़े पहन कर धूप में खड़ा होना मुश्किल हो जा रहा है। धूप खिलने से अधिकतम तापमान औसत से ऊपर पहुंच जा रहा है। आज भी ऐसा ही हुआ।

आज यहां का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार आज यहां का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा।

शुक्रवार को यहां का तापमान 20 और 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। आज गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। दिल्ली के लोधी रोड इलाके का न्यूनतम तापमान आज 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आया नगर 3.7, जाफरपुर 4.2, मुंगेशपुर 4.6, पालम 5.5 और डीयू 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

समयलाइव डेस्क
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment