RSS, विहिप को राहुल से शास्त्रार्थ करने की चुनौती : कमलनाथ
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने रविवार को भाजपा, आरएसएस और विहिप नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वे धर्म एवं अध्यात्म के मुद्दे पर पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी के साथ चर्चा करें जिससे साबित हो जाएगा कि इन विषयों पर राहुल को इन लोगों की तुलना में अधिक ज्ञान है।
![]() कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ |
कमलनाथ ने मध्य प्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के अंतिम दिन आगर मालवा जिले के सोयतकलां में संवाददाताओं से कहा, ‘मैं भाजपा, आरएसएस और विहिप नेताओं को चुनौती देता हूं कि वे मीडियाकर्मियों के सामने धर्म और अध्यात्म के मुद्दे पर राहुल गांधी के साथ बैठ जाएं और बहस कर लें।’
उन्होंने कहा कि चर्चा से साबित होगा कि राहुल को भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के लोगों की तुलना में धर्म और अध्यात्म का अधिक ज्ञान है। कमलनाथ ने यह भी कहा कि राहुल की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश में संविधान और संस्कृति को बचाना है।
उन्होंने कहा कि यात्रा ने 23 नवंबर को पहली बार किसी हिंदी भाषी क्षेत्र मध्य प्रदेश में प्रवेश किया और राज्य में इसे लोगों से भारी समर्थन मिला है। कमलनाथ ने कहा, ‘भीड़ देखकर मुझे ताजुब्ब हुआ। राज्य के सुदूर इलाकों से जो लोग आ रहे हैं, हमने उन्हें आने के लिए आदेश नहीं दिया है। यह इस यात्रा की सफलता को साबित करता है।’
पिछले 12 साल से राहुल गांधी की छवि पर सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा द्वारा लगातार हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए कमलनाथ ने कहा कि इस यात्रा ने लोगों के बीच राहुल गांधी की छवि को सुधारने में मदद की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कहती थी कि यात्रा केरल में ही समाप्त हो जाएगी, लेकिन उसे हर जगह भारी जन समर्थन मिल रहा है और लोग राहुल के प्रति अपना प्यार जताने खुद आ रहे हैं। कमलनाथ ने कहा कि यात्रा को मध्य प्रदेश के लोगों, विशेष रूप से आम आदमी, महिलाओं और बच्चों से भारी समर्थन मिला है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्याकुमारी से शुरू होकर श्रीनगर तक जाने वाली इस यात्रा के बाद संभावना है कि राहुल पूर्व से पश्चिम की ओर एक और यात्रा पर निकालें। यह यात्रा आज शाम राजस्थान में प्रवेश करेगी।
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने भी मीडिया को संबोधित किया। कमलनाथ ने राज्य में यात्रा को सफल बनाने के लिए लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया के प्रति आभार व्यक्त किया। यात्रा के आज राजस्थान में प्रवेश करने पर कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई चांवली गांव में राजस्थान की टीम को राष्ट्रीय ध्वज सौंपेगी।
| Tweet![]() |