पीएम मोदी आज उज्जैन में करेंगे महाकाल लोक का लोकार्पण, दिवाली जैसा नजारा होगा, 50 देशों के NRI बनेंगे गवाह
मध्य प्रदेश के लिए मंगलवार का दिन खास रहने वाला है, क्योंकि इस दिन उज्जैन में महाकाल परिसर में बने महान लोग का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकार्पण कर रहे हैं। इस मौके पर पूरा प्रदेश शिव मय रहेगा।
![]() प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी |
प्रधानमंत्री की लगभग साढ़े 4 घंटे मध्यप्रदेश में रहने वाले हैं।
आधिकारिक तौर पर उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक दिवसीय प्रवास पर मंगलवार 11 अक्टूबर को उज्जैन आयेंगे। प्रधानमंत्री मोदी भारतीय वायुसेना के विमान से दोपहर 3:35 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से रवाना होकर सायं 4:30 बजे इंदौर एयरपोर्ट और वहाँ से सायंकाल पांच बजे उज्जैन हेलीपेड पहुँचेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी सायंकाल 5:25 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर आगमन के बाद महाकालेश्वर के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। प्रधानमंत्री सायंकाल 6:25 से 7:05 बजे तक 'श्री महाकाल लोक' राष्ट्र को समर्पित कर कार्तिक मेला ग्राउण्ड में जन-समारोह में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी रात्रि 8:30 बजे उज्जैन हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर इंदौर एयरपोर्ट पहुँचेंगे और रात्रि नौ बजे इंदौर एयरपोर्ट से भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगे।
शिवमय, दिवाली जैसा होगा नजारा
हर गांव में शिव भजन और कीर्तन तो गूँजेंगे ही साथ में दीपावली जैसा उत्सव भी होगा। पूरा मध्यप्रदेश मंगलवार को शिवमय होने जा रहा है। अवसर होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश की ऐतिहासिक, पौराणिक धार्मिक नगरी उज्जैन में श्री महाकाल लोक का लोकार्पण। उज्जैन में श्री महाकाल लोक के साथ ही पूरे प्रदेश में गाँव-गाँव, शहर-शहर देवालयों में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर शिव भजन, पूजन, कीर्तन, अभिषेक, आरती करेंगे। शंख-ध्वनि होगी, घंटे-घड़ियाल बजाए जाएंगे। मंदिरों, नदियों के तट तथा घर-घर दीपक जलाए जाएंगे धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा भोजन-भंडारे होंगे।
कार्तिक मेला ग्राउंड उज्जैन में प्रधानमंत्री मोदी के सभा-स्थल पर शिवमय थीम पर केन्द्रित साज-सज्जा की जाएगी। साथ ही विशेष ध्वनि, प्रकाश एवं सुगंध के माध्यम से मंदिर के पवित्र वातावरण का निर्माण किया जाएगा। संतों के लिए अलग से मंच की व्यवस्था की गई है। प्रख्यात गायक कैलाश खेर द्वारा महाकाल स्तुति गान होगा।
उज्जैन एवं इंदौर संभाग की प्रत्येक ग्राम-पंचायत से श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर पहुँचेंगे। धार्मिक अनुष्ठान संपादित करने वाले तड़वी, पटेल, पुजारी और विभिन्न समुदायों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होंगे। उज्जैन में शिप्रा नदी के सभी घाटों पर लगभग एक लाख श्रद्धालु एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रम देखेंगे।प्रत्येक ग्राम के किसी एक मंदिर में सभी ग्रामवासी एकत्रित होकर पूजन-पाठ-अनुष्ठान करेंगे। इसी प्रकार शहरी वाडरें के प्रमुख मंदिरों में भी धार्मिक-आयोजन होंगे। इन सभी स्थान पर भी एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था रहेगी। प्रदेश के सभी शासकीय देव-स्थानों पर दीपमालाएँ जला कर रोशनी की जाएगी।
प्रदेश के सभी बड़े शिव मंदिरों जैसे टीकमगढ़ का बांदकपुर मंदिर, छतरपुर का जटाशंकर मंदिर आदि स्थानों में सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। यहाँ बड़ी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का प्रसारण होगा। भजन-पूजन, भोजन-भंडारों की व्यवस्था भी होगी
आगामी 11 अक्टूबर को संध्या काल में महाकाल लोक परिसर के लोकार्पण के समय प्रदेश में नागरिकों द्वारा घर-घर दीपक जलाए जाएंगे।
महाकाल लोक के लोकार्पण के 50 देशों के NRI बनेंगे गवाह
धार्मिक नगरी उज्जैन में महाकाल परिसर में बने महाकाल लोक का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकार्पण करने वाले हैं, इस अविस्मरणीय और ऐतिहासिक आयोजन के करोड़ों देशवासियों के साथ 50 देशों के एनआरआई भी साक्षी बनेंगे।
भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने बताया मोदी उज्जैन में नवनिर्मित श्री महाकाल लोक का लोकार्पण करेंगे, जो उज्जैन के इतिहास में एक अविस्मरणीय घटना होगी। प्रधानमंत्री के हाथों होने वाला यह लोकार्पण न सिर्फ उज्जैन बल्कि समूचे मध्यप्रदेश के गौरव को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करेगा। इस लोकार्पण कार्यक्रम से 50 देशों के NRI भी जुड़ेंगे। साथ ही प्रदेश के 1070 मंडलों में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। उज्जैन की भूमि पर भाजपा मध्यप्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता और प्रदेश के नागरिक प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए आतुर हैं।
शर्मा ने कहा कि प्राचीनतम नगरी उज्जैन धार्मिक के साथ-साथ सांस्कृतिक रूप से भी अत्यंत समृद्ध और वैभवशाली रही है। इस भूमि पर न सिर्फ आदर्श शासक हुए हैं, बल्कि अपनी कला और लेखनी से इतिहास को समृद्ध बनाने वाले कलाकार और रचनाकार भी हुए हैं। प्राचीनकाल से ही भगवान महाकाल उज्जैन की पहचान रहे हैं और वैश्विक परि²श्य में उज्जैन को भगवान महाकाल की नगरी के रूप में ही देखा जाता रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के प्रयासों से भगवान महाकाल की इस नगरी में श्री महाकाल लोक का लोकार्पण हो रहा है, जो उज्जैन शहर को और भी भव्यता प्रदान करेगा।
शर्मा ने प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से आग्रह किया है कि वे प्रधानमंत्री के हाथों होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थित रहकर, टीवी स्क्रीन पर समारोह का प्रसारण देखकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि श्री महाकाल लोक परिसर की गूंज विदेशों में भी होगी। करीब 50 देशों के एनआरआई इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ वे स्वयं और पार्टी विदेश संपर्क विभाग के प्रदेश सह संयोजक सुधांशु गुप्ता ने 40 देशों में निवासरत मध्यप्रदेश के एनआरआई के साथ वर्चुअल मीटिंग की। इन्हें श्री महाकाल लोक परिसर की भव्यता, सुंदरता और सरकार की प्रयासों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। सभी एनआरआई से इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने का आग्रह किया, जिसे सभी ने सहर्ष स्वीकार किया है।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा किये जा रहे श्री महाकाल लोक के लोकार्पण कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए पार्टी द्वारा प्रदेश के सभी 1070 मंडलों समेत प्रत्येक बूथ पर व्यवस्था की जा रही है, ताकि समाज के प्रबुद्धजन समेत सभी नागरिक इस भव्य कार्यक्रम के साक्षी बनें। मंगलवार को सुबह भाजपा कार्यकर्ता प्रत्येक मंडल समेत हर बूथ पर स्थित देवालयों में स्वच्छता अभियान और शाम के समय दीपोत्सव का आयोजन करेंगे। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर से जल लाकर भाजपा कार्यकर्ता श्री महाकाल लोक में स्थित रुद्र सागर में प्रवाहित करेंगे।
| Tweet![]() |