युवा बनाएंगे मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर : शिवराज सिंह
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में युवाओं की शिक्षा, कौशल उन्नयन और दक्षता संवर्धन के लिए समग्र रूप से सकारात्मक वातावरण विद्यमान है।
![]() युवा बनाएंगे मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर : शिवराज सिंह |
युवा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शित करें और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में योगदान दें। युवा ही मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाएंगे।
चौहान बुधवार को यहां के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में विद्यार्थियों के साथ युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उच्च शिक्षामंत्री मोहन यादव, अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा शैलेन्द्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के गीत की गूंज के बीच कन्या-पूजन तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरोजनी नायडू कन्या महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों ने वचरुअली सहभागिता की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वंय पर विश्वास, लक्ष्य की स्पष्टता, एकाग्रचित होकर प्रयास करना और उत्साह बनाए रखना सफलता का आधार है। प्रत्येक व्यक्ति में नैसर्गिक क्षमताएं हैं। इस दौरान चौहान से प्रदेश के विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं के संबंध में प्रश्न किए। चौहान ने कहा, धन के अभाव में प्रदेश का कोई विद्यार्थी पढ़ाई से वंचित न रहे, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त व्यवस्था की गई है। शाला स्तर पर विभिन्न योजनाएं संचालित है। महाविद्यालयीन स्तर पर सहायता के लिए मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना और गांव की बेटी योजना से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। गांव की बेटी योजना में 12वीं कक्षा में 60 प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण करने वाली बेटियों को 5 हजार रुपये छात्रवृत्ति प्रति वर्ष प्रदान करने की व्यवस्था है।
उन्होंने कहा, वर्ष 2021-22 में एक लाख 74 हजार से अधिक बालिकाओं को योजनाओं में लाभ प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना में पिछले 2 वर्ष में 67 हजार से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए 237 करोड़ रुपये से अधिक की फीस की प्रतिपूर्ति की गई है। तकनीकी शिक्षा के लिए 2 हजार 981 विद्यार्थियों के लिए 28 करोड़ से अधिक की फीस राज्य शासन ने जमा कराई। मुख्यमंत्री ने कहा, सरकारी नौकरियों की अपनी सीमाएं हैं। सभी को सरकारी नौकरी से रोजगार नहीं दिया जा सकता। राज्य सरकार स्व-रोजगार के लिए युवाओं को सहायता उपलब्ध करा रही है। इस दिशा में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना आरंभ की गई है, जो रोजगार उपलब्ध कराने के लिए क्रांतिकारी योजना है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में भी व्यापार आरंभ करने के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
चौहान ने कहा, कोरोना लहर में स्थिति भयानक थी। सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, मेडिकल स्टाफ, पुलिस के जवान, स्थानीय निकाय, जन-प्रतिनिधि, धर्मगुरु, समाजसेवी और युवा वर्ग ने मिलकर मेहनत की। प्रदेश में जनता की भागीदारी ने चमत्कार किया। क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के माध्यम से कोरोना को नियंत्रित करने का हमारा प्रयोग सफल रहा। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की कि कॅरियर के साथ-साथ समाज-सेवा के लिए अपनी रुचि का कोई क्षेत्र अवश्य चुने और नियमित रूप से समाज-सेवा का कार्य करें। कॅरियर सफलता देगा और समाज-सेवा जीवन को सार्थकता और संतुष्टि प्रदान करेगी।
| Tweet![]() |