मध्य प्रदेश: श्योपुर में स्वास्थ्य और पुलिस दल पर हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार

Last Updated 23 Apr 2020 11:52:24 AM IST

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए स्क्रीनिंग का अभियान जारी है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के श्योपुर में स्क्रीनिंग करने गए स्वास्थ्य विभाग और पुलिस बल के दल पर कुछ लोगों ने हमला किया जिसमें एक पुलिस जवान घायल हुआ था। इस मामले के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


(प्रतीकात्मक तस्वीर)

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने गुरुवार को बताया है कि विजयपुर तहसील के गसवानी में एक व्यक्ति के इंदौर से आने की सूचना मिली थी। जिले में बाहर से आने वाले हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इसी सिलसिले में स्वास्थ्य विभाग का अमला पुलिस बल के साथ गांव पहुंचा तो कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इस पथराव में सहायक पुलिस उप निरीक्षक श्रीराम अवस्थी को सिर में चोट आई थी।

उपाध्याय ने आगे बताया कि स्क्रीनिंग दल पर हमला करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।

आईएएनएस
श्योपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment