सिंधिया का रास्ता रोकने वालों पर केस

Last Updated 15 Mar 2020 06:14:22 AM IST

पुलिस ने भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का शुक्रवार शाम को रास्ता रोकने का प्रयास और उनको काले झंडे दिखाने की घटना में कथित तौर पर शामिल 30-35 अज्ञात लोगों के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज किया है।


भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया (file photo)

इससे पहले शुक्रवार आधी रात को भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्यामला हिल्स पुलिस थाने पर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने सिंधिया की कार का न केवल रास्ता रोका, बल्कि उन पर हमला करने की कोशिश भी की।
भाजपा ने पुलिस से इसमें मामला दर्ज करने की मांग भी की। श्यामला हिल्स पुलिस थाने के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार शाम को कमला पार्क इलाके से सिंधिया का काफिला गुजरने के दौरान हुई घटना के संबंध में 30-35 अज्ञात लोगों पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

चौहान ने कार्रवाई की मांग की: इस घटना को चौंकाने वाला बताते हुए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि आम आदमी की बात छोड़िए, जब पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंधिया के ऊपर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया तो अब आप सहज कल्पना कर सकते हैं कि प्रदेश की स्थिति कैसी होगी। चौहान ने कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी सरकार जो बहुमत खो चुकी है, वह बौखलाहट में हमले करवा रही है।
भाजपा कर रही राजनीति : भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस के सचिव अब्दुल नफीस ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन भाजपा अब इस पर राजनीति कर रही है। सिंधिया के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं के दबाव में आकर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

भाषा
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment