भोपाल रेलवे स्टेशन पर पुल का एक हिस्सा गिरा, 9 यात्री घायल

Last Updated 13 Feb 2020 10:33:39 AM IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक दो और तीन पर निर्मित ओवरब्रिज का एक हिस्सा आज सुबह अचानक गिर जाने से उसके मलबे में दबे नौ यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।


रेलवे के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार सुबह हुए इस हादसे में घायल नौ यात्रियों में सात को चिरायु और दो घायलों को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। भोपाल मंडल के रेल प्रबंधक ने रेल अधिकारियों और रेल चिकित्सकों के साथ स्वयं चिरायु और हमीदिया अस्पताल जाकर घायलों की स्थिति की पूरी जानकारी ली।

घायलों में से किसी भी यात्री के शरीर के अंग की क्षति नहीं हुई हैं, शारीरिक चोट है।

सभी घायलों को रेलवे की तरफ से पूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। रेलवे की पूरी सहानुभूति और संवेदना इस असमायिक घटना में घायल यात्रियों और उनके परिजनों के साथ है।

घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश रेलवे द्वारा दिए गए हैं। रेलवे द्वारा घायलों को रेल नियमानुसार तत्कालिक अनुग्रह राशि भी प्रदान की जा रही है।

कमलनाथ ने घायलों के समुचित इलाज और हरसंभव मदद के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भोपाल रेलवे स्टेशन में हुए हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के समुचित इलाज और हरसंभव मदद के निर्देश दिए।

कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए कहा ‘भोपाल रेलवे स्टेशन पर एक फुटओवर ब्रिज के एक हिस्से के गिरने से हुआ हादसा बेहद दुखद। इस हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना। प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज और हरसंभव मदद के निर्देश।’

'घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिये'

प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि इस घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिये।

शर्मा ने यहां मीडिया से चर्चा में इस घटना पर दुखद जताया और कहा कि वे इस घटना के पीड़ितों को मुआवजे दिलाने की मांग को लेकर रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखेंगे।

उन्होंने कहा कि इस मामले के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में मामला लापरवाही का प्रतीत हो रहा है।

वार्ता
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment