कांग्रेस नेता विवेक तन्खा का संगठन के सभी पदों से इस्तीफा

Last Updated 28 Jun 2019 11:26:25 AM IST

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद देश भर में पार्टी में इसकी जिम्मेदारी पर दिख रही ऊहापोह की स्थिति के बीच मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा ने संगठन से जुड़े सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।


कांग्रेस नेता विवेक तन्खा (फाइल फोटो)

तन्खा ने इस बारे में ट्वीट करते हुए जानकारी दी। साथ ही उन्होंने पार्टी प्रमुख राहुल गांधी से संगठन में आमूलचूल परिवर्तन लाने की भी अपील की।

उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के विधि, सूचना का अधिकार और अन्य विभागों से इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि हम सभी को अपने पार्टी पदों से इस्तीफा देते हुए राहुल गांधी को अपनी टीम के चयन के लिए मुक्तहस्त दे देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वे इस बारे में मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान का स्वागत करते हैं।

तन्खा ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए ये भी कहा कि वे पार्टी को एक लड़ाका के तौर पर दोबारा उठ खड़े होने के लिए पार्टी में आमूलचूल परिवर्तन लाएं। उन्होंने कहा कि वे हर परिस्थिति में गांधी के साथ हैं।

हालिया लोकसभा चुनाव में तन्खा स्वयं भी भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह से जबलपुर संसदीय सीट से चुनाव हार चुके हैं।

वार्ता
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment