मुख्यमंत्री कमलनाथ की उंगली का सरकारी अस्पताल में सफल ऑपरेशन

Last Updated 22 Jun 2019 03:28:48 PM IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ की उंगली का आज यहां शासकीय हमीदिया अस्पताल में सफल ऑपरेशन हुआ।


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ (फाइल फोटो)

आधिकारिक जानकारी के अनुसार गांधी चिकित्सा महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. अरुणा कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे हमीदिया अस्पताल के न्यू ओ.पी.डी. ब्लॉक में चौथी मंजिल स्थित ऑपरेशन थियेटर पहुंचे, जहां आवश्यक चिकित्सकीय औपचारिकता के बाद उनकी ट्रिगर फिंगर का ऑपरेशन किया गया।

डॉ. कुमार ने बताया कि हमीदिया अस्पताल के हड्डी विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजीव गौर और एनेस्थिसिया के विभागाध्यक्ष डॉ. आदित्य अग्रवाल की टीम ने मुख्यमंत्री कमलनाथ की उंगली का सफल ऑपरेशन किया।

उन्होंने बताया कि दो घंटे बाद मुख्यमंत्री का पुन: चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा। सामान्य होने पर शाम तक उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री कमलनाथ के ऑपरेशन के दौरान राज्य की चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ सुबह से पूरे समय उनके साथ रहीं। मध्य प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कावरे और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी इस दौरान उपस्थित थे।

वार्ता
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment