दिग्विजय की जीत के लिए 'हठयोग' के बाद भोपाल में सड़कों पर उतरे साधु-संत

Last Updated 08 May 2019 12:05:56 PM IST

मध्य प्रदेश की भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह की जीत की कामना के लिए कल से जारी साधु-संतों के कार्यक्रम के तहत आज राजधानी भोपाल की सड़कों पर कंप्यूटर बाबा और दिग्विजय सिंह की अगुवाई में भगवा ध्वज फहराते हुए एक रोड शो निकाला गया।


राजधानी के पुराने व्यावसायिक क्षेत्र में निकले करीब एक किलोमीटर लंबे इस रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में भगवा ध्वज और पताकाओं के साथ कांग्रेस के झंडे भी फहराते हुए दिखाई दिए।

शो में लगातार नर्मदा मैया और भारत माता की जय के नारे भी लगे।

भीषण गर्मी के बीच रोड शो के दौरान पूरे समय दिग्विजय सिंह भी संत समाज के साथ पैदल चलते दिखाई दिए।

इसके पहले कल साधु संतों ने दिग्विजय सिंह की जीत की कामना के लिए विशेष हवन-पूजन किया था। कंप्यूटर बाबा के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संतों ने धूनी रमाते हुए हठयोग किया था। इस कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह पत्नी अमृता राय के साथ शामिल हुए और पूजा की।

भोपाल संसदीय क्षेत्र से दिग्विजय सिंह का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी की प्रज्ञा सिंह ठाकुर के साथ हो रहा है। भोपाल में 12 मई को मतदान होना है।

वार्ता
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment