अमेठी में हार के डर से दो जगह से उतरे राहुल गांधी: शिवराज

Last Updated 01 Apr 2019 01:59:00 PM IST

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि अमेठी में असुरक्षित महसूस करने के कारण ही राहुल गांधी दो स्थानों से चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।




शिवराज सिंह चौहान (फाइल फोटो)

चौहान ने कहा कि राहुल गांधी एक जगह हार जाएं तो क्या हो, इसीलिए दूसरी जगह से भी लड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस फौज का सेनापति ही डर जाए, वो फौज कैसे जीतेगी।

कांग्रेस पर वंशवाद का आरोप लगाते हुए चौहान ने कहा कि देश का हर परिवार पहला परिवार है। वंशवाद की परंपरा कांग्रेस ने शुरू की, ताकि एक परिवार से पार्टी बाहर नहीं जाए। यह लोकतंत्र में स्वीकार नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने स्वयं के भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह का चुनावी मैदान में मुकाबला करने की अटकलों पर कहा कि उनका मन लोकसभा चुनाव लड़ने का नहीं है, लेकिन पार्टी अगर कहेगी तो भोपाल ही क्या, वे राघौगढ़ से भी चुनाव लड़ जाएंगे।

गुना जिले का राघौगढ़ कांग्रेस प्रत्याशी सिंह का गृह क्षेत्र है।

चौहान ने दावा किया कि भाजपा का साधारण कार्यकर्ता भी सिंह को हरा देगा। वहीं विदिशा में उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान के चुनाव लड़ने की अटकलों पर चौहान ने कहा कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगी।

लोकसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पार्टी 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी। एनडीए को मिलाकर और ज्यादा सीटें मिलेंगी।

वार्ता
भिंड


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment