बहुचर्चित झाबुआ नन कांड का फरार आरोपी 21 साल बाद गिरफ्तार

Last Updated 05 Mar 2019 06:35:18 PM IST

मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के एक चर्च में 21 साले पहले चार ईसाई ननों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना में कथित तौर पर शामिल होने के आरोपी 45 वर्षीय एक व्यक्ति को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया।


झाबुआ नन कांड : आरोपी 21 साल बाद गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)

झाबुआ नन कांड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी चर्चित हुआ था।
जिले के पुलिस अधीक्षक विनीत जैन ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 23 सितंबर 1998 की रात ग्राम नवापाडा भंडारिया में चर्च का ताला तोड़कर आरोपियों ने कपड़े, रेडियो एवं नगदी आदि लूटकर चार महिलाओं (नन) से बलात्कार किया था। इस घटना में शामिल एक फरार आरोपी कालू लिमजी (45) को सोमवार को जिले के कालीदेवी थाना क्षेत्र के गांव अंबा से गिरफ्तार किया गया।

जैन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना कल्याणपुरा में दर्ज मामले में 21 वर्षों से फरार चल रहा आरोपी कालू ग्राम अंबा में रह रहा है और वह कुछ समय पहले गुजरात से मजदूरी कर वापस आया है। इस सूचना पर पुलिस दल ने घेराबंदी कर फरार आरोपी दबोच लिया।
एसपी ने बताया कि घटना में कुल 26 आरोपी थे, जिनमें से 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। अदालत द्वारा नौ आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दी गई और 13 आरोपी बरी कर दिए गए। मामले के एक आरोपी को पांच साल की सजा हुई और सुनवाई के दौरान एक आरोपी की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो आरोपी कालू लिमजी और बच्चु नाहर सिंह घटना के दिन से ही फरार चल रहे थे, जिसमें से कालू को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि बच्चु अब भी फरार है।

भाषा
झाबुआ (मप्र)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment