कांग्रेस से मिला भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव, कर रहा हूं विचार: गौर

Last Updated 24 Jan 2019 04:20:38 PM IST

भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने आज कहा कि कांग्रेस की ओर से उन्हें भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव मिला है और वे इस पर विचार कर रहे हैं।


भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर (फाइल फोटो)

गौर ने आज कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह 18 दिसंबर को उनके निवास पर मिलने आए थे। उस दौरान सिंह ने उनके समक्ष एक प्रस्ताव रखते हुए कहा कि वे (गौर) भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि तब उन्होंने सिंह से कहा कि वे दस बार के विधायक रह चुके हैं। राज्य में मुख्यमंत्री और मंत्री पद का दायित्व भी संभाल चुके हैं। अब उनकी कोई अभिलाषा नहीं है। इसके बाद सिंह चले गए थे।

गौर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि लेकिन वे अभी भी सिंह के प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या इस प्रस्ताव के बारे में उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को बताया, गौर ने कहा कि उन्होंने किसी को भी इस बारे में नहीं बताया। मीडिया वालों ने भी, न जाने कहां से मालूम कर लिया।

गौर भोपाल की गोविंदपुरा सीट से लगातार विधायक के तौर पर जीतते आ रहे थे। नवंबर दिसंबर 2018 में संपन्न विधानसभा चुनाव में गौर के स्थान पर उनकी पुत्रवधु श्रीकृष्णा गौर को भाजपा ने टिकट दिया और वे विजयीं हुयीं। श्रीकृष्णा गौर को टिकट मिलने पर ही गौर यह सीट छोड़ने को राजी हुए थे। वे राज्य की भाजपा सरकारों में कई वर्षों तक मंत्री रहने के साथ ही पंद्रह माह तक मुख्यमंत्री भी रहे।

आगामी समय में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य में लोकसभा की 29 सीट हैं और कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल अधिक से अधिक सीट जीतना चाहते हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा और गुना के अलावा शेष 27 सीटों पर भाजपा ने ही विजय हासिल की थी। भोपाल संसदीय क्षेत्र भाजपा का परंपरागत गढ़ माना जाता है और कई दशकों से लगातार भाजपा ही जीतती आ रही है।

वार्ता
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment