मध्य प्रदेश: कमलनाथ ने किया विभागों का बंटवारा, बच्चन को गृह और भनोट को वित्त

Last Updated 29 Dec 2018 12:11:07 PM IST

मध्य प्रदेश में शुक्रवार की रात को लंबी खींचतान के बाद मंत्रियों को विभागों को बंटवारा कर दिया गया। राज्य के नए गृहमंत्री बाला बच्चन बनाए गए हैं। वहीं वित्त विभाग की जिम्मेदारी तरुण भनोट को सौंपी गई है।


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ (फाइल फोटो)

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री कमल नाथ के पास औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन विभाग, जनसंपर्क विभाग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, विमानन विभाग, लोक सेवा प्रबंधन विभाग, अप्रवासी भारतीय विभाग, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग तथा अन्य विभाग जो किसी को आवंटित नहीं हुए, वह भी उनके पास रहेंगे।

डॉ. विजय लक्ष्मी को संस्कृति, चिकित्सा शिक्षा और आयुष विभाग का दायित्व सौंपा गया है। सज्जन सिंह वर्मा को लोक निर्माण और पर्यावरण विभाग आवंटित किए गए है। हुकुम सिंह कराड़ा को जल संसाधन विभाग, डॉ. गोविंद सिंह को सहकारिता विभाग और संसदीय कार्य विभाग, बाला बच्चन को गृह और जेल विभाग सौंपा गया है और ये मुख्यमंत्री से भी संबद्धित रहेंगे।

आरिफ अकील को भोपाल गैस त्रासदी राहत और पुनर्वास विभाग, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम विभाग आवंटित किए गए हैं। ब्रजेंद्र सिंह राठौड़ को वाणिज्य कर विभाग, प्रदीप जायसवाल को खनिज साधन विभाग, लाखन सिंह यादव को पशुपालन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग, तुलसी सिलावट को लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री, गोविंद सिंह राजपूत राजस्व तथा परिवहन, इमरती देवी महिला और बाल विकास विभाग, ओमकार सिंह मरकाम जनजातीय कार्य विभाग, विमुक्त घुमक्कड़ और अर्द्धघुमक्कड़ जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री होंगे।

इसी तरह प्रभुराम चौधरी स्कूल शिक्षा, प्रियव्रत सिंह ऊर्जा, सुखदेव पांसे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उमंग सिंघार वन मंत्री बनाए गए है। हर्ष यादव को कुटीर और ग्रामोद्योग विभाग तथा नवीन और नवकरणीय ऊर्जा, जयवर्धन सिंह नगरीय विकास और आवास, जीतू पटवारी को खेल और युवा कल्याण तथा उच्च शिक्षा, कमलेश्वर पटेल पंचायत और ग्रामीण विकास, लखन घनघोरिया सामाजिक न्याय और निशक्तजन कल्याण विभाग और अनुसूचित जाति कल्याण के मंत्री बनाए गए हैं।

महेन्द्र सिंह सिसोदिया श्रम मंत्री होंगे। पी.सी. शर्मा विधि और विधायी कार्य विभाग के मंत्री बनाये गए हैं और ये भी मुख्यमंत्री से भी संबद्धित रहेंगे। प्रद्युमन सिंह तोमर खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण, सचिन सुभाष यादव को किसान कल्याण और कृषि विकास विभाग और उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण, सुरेंद्र सिंह हनी बघेल को नर्मदा घाटी विकास विभाग और पर्यटन और तरूण भनोट को वित्त विभाग और योजना आर्थिक और सांख्यिकी विभाग सौंपा गया है।

राज्य में मुख्यमंत्री के अलावा 28 मंत्री हैं। कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पद की 17 दिसंबर को शपथ ली थी और उसके बाद 25 दिसंबर को मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। विभागों के बटवारें को लेकर खींचतान चली और शुक्रवार की रात को विभागों को बंटवारा हो पाया।

आईएएनएस
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment