झारखंड के लातेहार में सरहुल के मौके पर प्रसाद खाकर 150 हुए बीमार, 55 लोग पहुंचे हॉस्पिटल

Last Updated 28 Mar 2023 04:22:43 PM IST

लातेहार जिले के चंदवा में जनजातीय त्योहार सरहुल के मौके पर बांटे गए चना-गुड़ का प्रसाद खाकर लगभग डेढ़ सौ लोग बीमार पड़ गए। इनमें से 55 लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों और क्लीनिकों में दाखिल कराना पड़ा।


दो लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण रिम्स रांची लाया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि यह फूड प्वॉयजनिंग का मामला है।

बताया गया कि चंदवा प्रखंड की चेटर और सासंग पंचायत में सरहुल पर पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा के बाद प्रसाद के रूप में लोगों को चना-गुड़ दिया गया था। इसके सेवन से शनिवार की सुबह से कई लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी।

रविवार और सोमवार होते-होते बड़ी संख्या में लोग बीमार हो गए। इसकी सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में भेजी गई। सौ से भी ज्यादा लोगों का इलाज गांव में लगाए कैंप में हुआ। 55 मरीजों को क्लिनिकों और अस्पतालों में दाखिल कराया गया। लातेहार जिले के सिविल सर्जन ने भी इलाके का दौरा किया। प्रसाद के रूप में बंटे चना और गुड़ का सैंपल लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment