धनबाद में पूर्व सांसद की बहू ने रायफल की नोंक पर मुहल्ले में किया बवाल, वीडियो वायरल

Last Updated 11 Jul 2022 08:04:19 PM IST

धनबाद के विनोदनगर मुहल्ले में गिरिडीह के पूर्व सांसद दिवंगत राजकिशोर महतो की पुत्रवधू विनीता सिंह ने रायफल की नोंक पर घंटे भर बवाल किया। बिल्कुल डॉन जैसे अंदाज में उसने मुहल्ले के लोगों को धमकाया। किसी को जान मारने की धमकी दी तो किसी पर रायफल तान दी। विरोध करने वालों को औकात में रहने की नसीहत दी।


गिरिडीह के पूर्व सांसद दिवंगत राजकिशोर महतो की पुत्रवधू विनीता सिंह

अब इस घटना का वीडियो वायरल है। हंगामे के दौरान मुहल्ले के लोगों और रायफल लेकर धमका रही महिला के सहयोगी दिलीप पांडेय के बीच मारपीट भी हुई। दोनों पक्ष से कुछ लोगों को चोट आयी है। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज करायी गयी है।

मामला झारखंड के एक वक्त कद्दावर राजनेताओं में गिने जाने वाले गिरिडीह के पूर्व सांसद स्व. विनोद बिहारी महतो और उनके पुत्र स्व. राजकिशोर महतो की पारिवारिक जमीन के विवाद से जुड़ा है। इसे लेकर परिवार के लोगों के बीच पहले भी दो-तीन बार मारपीट हुई है।

सोमवार को भी इसी विवाद में एक नया मोड़ तब आया, जब विनीता सिंह खुद रायफल लेकर पहुंचीं और मुहल्ले भर के लोगों को धमकाने लगीं। लोगों ने विरोध किया तो चिल्लाकर कहा कि आवाज धीमी रखो। हर किसी की औकात मुझे पता है। पूरा हंगामा लगभग घंटे भर तक चलता रहा। आरोप है कि विनीता सिंह ने पड़ोसी योगेश कुमार, पुष्कल सिंह, राजीव मंडल, रेखा महतो, भोला साव, किरण महतो आदि पर रायफल तानी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। विनीता सिंह के सहयोगी दिलीप पांडेय पर भी लोगों को धमकाने का आरोप है।

इधर विनीता सिंह के सहयोगी दिलीप पांडेय ने मुहल्ले के लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उसने कहा है कि उसके मालिक की जमीन और संपत्ति हड़प ली गयी है। वह विनीता सिंह के साथ मुहल्ले में गया था, तब उसके साथ मारपीट की गयी।

बाद में दोनों पक्ष के लोगों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।

आईएएनएस
धनबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment