छत्तीसगढ़ उपचुनाव: कांग्रेस ने जीती चित्रकोट विधानसभा सीट

Last Updated 24 Oct 2019 03:25:49 PM IST

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित चित्रकोट विधानसभा सीट में कांग्रेस के राजमन बेंजाम ने अपने निकटतम भारतीय जनता पार्टी के लच्छुराम कश्यप को 17862 मतों से पराजित किया है।


जिले के निर्वाचन अधिकारियों ने आज यहां बताया कि चित्रकोट विधानसभा सीट में आज दोपहर बाद 17 चक्रों की मतगणना पूरी हो गई है। इस सीट पर कांग्रेस के बेंजाम ने भाजपा के कश्यप को 17,862 मतों से पराजित किया है। इस उप चुनाव में बेंजाम को 62,097 मत तथा कश्यप को 44,235 मत प्राप्त हुए हैं। 

अधिकारियों ने बताया कि चित्रकोट विधानसभा सीट के लिए जगदलपुर के धरमपुरा स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में आज सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई जिसमें बेंजाम ने शुरूआत में ही बढ़त बना ली थी।    

चित्रकोट विधानसभा सीट के लिए इस महीने की 21 तारीख को मतदान हुआ था। जिसमें लगभग 78.12 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।    

इस चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद अब राज्य विधानसभा में कांग्रेस के 69 विधायक हो गए हैं और भाजपा के विधायकों की संख्या घटकर 14 ही रह गई है।      

राज्य में भाजपा को लगातार दो उपचुनावों दंतेवाड़ा और चित्रकोट में हार का सामना करना पड़ा है।    

दंतेवाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक भीमा मंडावी की हत्या के बाद और चित्रकोट विधानसभा सीट से विधायक दीपक बैज के बस्तर लोकसभा में चुन लिए जाने के बाद इन सीटों के लिए उप चुनाव कराया गया।     

साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में राज्य की 90 सीटों में से 68 सीटों पर कांग्रेस ने और 15 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की थी। वहीं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने पांच सीटों पर और बहुजन समाज पार्टी ने दो सीटों पर जीत हासिल की थी।

भाषा
जगदलपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment