Bihar Diwas 2023: बिहार दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी सहित CM नीतीश और राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं

Last Updated 22 Mar 2023 11:40:28 AM IST

आज 22 मार्च को बिहार का स्थापना दिवस है। बिहार की स्थापना को 111 साल हो गए। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने बिहारवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।


बिहार दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि 'बिहार दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान महावीर, भगवान बुद्ध और गुरु गोविंद सिंह जी से जुड़ी यह गौरवशाली भूमि लोकतंत्र की जननी भी है। मुझे दृढ़ विश्वास है कि बिहार के मेहनती और प्रतिभावान लोग विकास और समृद्धि का नया अध्याय लिखेंगे।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के साथ-साथ बिहार के लोगों के लगन और कठिन परिश्रम का जिक्र करते हुए राज्य के लोगों को बधाई दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ-साथ कई दिग्गज मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने भी बिहार दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दिवस की बधाई देते हुए ट्वीट कर कहा, बिहार दिवस पर राज्य के अपने सभी भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई! अपने समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के लिए प्रसिद्ध बिहार के लोग देश के विकास के लिए हर क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दे रहे हैं। अपनी लगन और कठिन परिश्रम से उन्होंने एक विशेष पहचान बनाई है।

बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश और देशवासियों को बधाई दी है। बिहार दिवस पर राज्यपाल आर्लेकर ने अपने शुभकामना संदेश में बिहारवासियों और प्रवासी बिहार के लोगों को बधाई और शुभकामना देते हुए कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी तथा ज्ञान, साधना, अहिंसा, करुणा और प्रेम की पावन भूमि है। इसी कारण यह देव भूमि भी है। इस राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध है तथा भारत के निर्माण और विकास में इसका अद्वितीय योगदान रहा है।

उन्होंने इस मौके पर लोगों से बिहार के गौरव को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लेते हुए इस राज्य और देश के समग्र विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया है।

इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को बढ़ाएंगे।

विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने लोगों को बिहार दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि विश्व को प्रथम लोकतंत्र, अहिंसा, सदभाव, करूणा व प्रेम का संदेश देने वाला, ज्ञान और संघर्ष की भूमि बिहार के स्थापना दिवस पर आप सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट कर कहा, सभी को बिहार दिवस की शुभकामनाएं। प्राचीन काल से ही बिहार भारतवर्ष की शिक्षा और नीतियों का केंद्र रहा है।

अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए आगे दावा किया कि, मोदी जी के नेतृत्व में हम भारत के इस सिरमौर की प्रतिष्ठा, संपन्नता और वैभव को पुनस्र्थापित करने के लिए संकल्पित हैं। प्रदेशवासियों की निरंतर खुशहाली की कामना करता हूं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट कर कहा, बिहार के सभी भाइयों एवं बहनों को बिहार दिवस को हार्दिक शुभकामनाएं। अपनी महान सांस्कृतिक विरासत और कला-संस्कृति के लिए देश और विदेश में एक विशिष्ट पहचान रखने वाला यह प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

आईएएनएस
नई दिल्ली/पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment