बिहार : ईंट भट्ठे में दीवार गिरी, 4 मजदूरों की मौत, 4 घायल

Last Updated 20 Mar 2023 03:54:27 PM IST

बिहार के पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक ईंट भट्ठे में दीवार गिरने से काम कर रहे आठ मजदूर दब गए।


इस घटना में चार मजदूरों की मौत हो गई जबकि चार मजदूर घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, दरवेशपुर गांव स्थित एक चिमनी ईंट भट्ठे में अन्य दिनों की भांति कुछ मजदूर एक कच्ची दीवार के सटे काम कर रहे थे।

इसी दौरान दीवार भरभरा कर गिर गई और आठ मजदूर इसके नीचे दब गए। इनमे से चार मजदूरों की मौत हो गई। सभी मृतक महिला थीं।

घटना की सूचना मिलते ही मनेर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेज दिया गया।

मनेर के थाना प्रभारी शशि रंजन ने बताया कि मृतकों की पहचान शिला देवी और धुरनी देवी, सुगंधि देवी और सिताबी देवी (गुमला, झारखंड) के रूप में की गई है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है।

आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment