उपेंद्र कुशवाहा ने छोड़ा नीतीश कुमार का साथ, नई पार्टी राष्ट्रीय लोक जनता दल का किया गठन

Last Updated 20 Feb 2023 03:06:54 PM IST

पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को जनता दल यूनाइटेड से नाता तोड़ कर नई पार्टी बनाने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि नई पार्टी का नाम राष्ट्रीय लोक जनता दल होगा जो जननायक कर्पूरी ठाकुर की विरासत को आगे बढ़ाने का काम करेगा।


उपेंद्र कुशवाहा ने JDU छोड़ा, नई पार्टी का किया गठन

कुशवाहा इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। कुशवाहा ने पटना में जदयू से नाराज लोगों की दो दिवसीय बैठक के अंतिम दिन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इसकी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि जननायक कपर्ूी ठाकुर की विरासत को संभालने के लिए पहले जनता ने लालू प्रसाद को जिम्मेदारी दी थी, लेकिन उन्होंने इस विरासत को जब धूमिल करना प्रारंभ किया तो इसकी जिम्मेदारी नीतीश कुमार के पास आ गई।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने उनकी विरासत को उसी के हाथों में गिरवी रख दिया, जिनसे बचाकर जनता ने उन्हें इसकी जिम्मेदारी दी थी।

उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने उस विरासत को आगे ले चलने का अच्छा काम किया था, लेकिन अंत में वे असफल हो गए। अब जब अंत बुरा तो सब बुरा।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने खुद इस विरासत को संभालने के लिए अब तक उतराधिकारी नहीं बनाया और अब वे पड़ोसी के घर उत्तराधिकारी खोज रहे हैं।

कुशवाहा ने कहा कि यही कारण है कि पार्टी के लोगों ने अब निर्णय लिया है कि जननायक के विरासत को संभालने की जिम्मेदारी खुद लेनी होगी। उन्होंने कहा कि अब नीतीश कुमार से हिस्सेदारी की बात नहीं है, क्योंकि उनके पास अब कुछ है ही नहीं।

उन्होंने कहा कि जो विरासत नीतीश कुमार ने गिरवी रखी है उसे जनता के बीच जाकर तोड़वाने का काम किया जाएगा।

कुशवाहा पिछले कई दिनों से पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे थे और नेतृत्व पर लगातार निशाना साध रहे थे।

आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment