सुशांत मामले में सुशील मोदी ने मुंबई पुलिस पर सहयोग नहीं करने का लगाया आरोप

Last Updated 31 Jul 2020 08:23:26 PM IST

फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में पटना में दर्ज मामले की जांच के लिए मुंबई गई बिहार पुलिस टीम को मुंबई पुलिस द्वारा सहयोग नहीं करने का आरोप शुक्रवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने लगाया है।


बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी(फाइल फोटो)

बिहार में सत्ताधारी दल भाजपा के नेता और उपमुख्यमंत्री मोदी ने मुंबई पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुंबई पुलिस, बिहार पुलिस की निष्पक्ष जांच में रुकावट उत्पन्न कर रही है।

मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट कर आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस, बिहार पुलिस की ओर से की जा रही निष्पक्ष जांच की राह में रुकावट उत्पन्न कर रही है।

उन्होंने कहा है कि सुशांत की मौत के मामले में बिहार पुलिस अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही है, लेकिन मुंबई पुलिस इसमें सहयोग नहीं कर रही।

बिहार के उपमुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, "मुंबई पुलिस सुशांत की मौत मामले में बिहार पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच के रास्ते में रुकावट डाल रही है। बिहार पुलिस अपना सर्वश्रेष्ठ कर रही है लेकिन मुंबई पुलिस से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। भाजपा को लगता है कि इस मामले को अब सीबीआई को सौंप देना चाहिए।"


उल्लेखनीय है कि फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने कथित रूप से 14 जून को अपने मुंबई स्थित फ्लैट में आत्महत्या कर ली थी। सुशांत के पिता क़े क़े सिंह ने उसकी दोस्त रिया चक्रवर्ती सहित उसके परिजनों के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाते हुए 25 जुलाई को पटना के राजीवनगर में एक मामला दर्ज करवाया।

मामला दर्ज होने के बाद बिहार पुलिस की एक टीम मुंबई जांच के लिए गई है।

 

इस टीम में चार लोग शामिल हैं और ये बीते तीन दिनों से मामले से जुड़े कई लोगों के बयान दर्ज कर चुके हैं, जिनमें सुशांत की पूर्व प्रेमिका अंकिता लोखंडे और उनकी बहन प्रमुख हैं लेकिन रिया चक्रवर्ती का कोई अता-पता नहीं है। बिहार पुलिस की टीम गुरुवार को रिया के फ्लैट पर भी गई थी लेकिन वह वहां नहीं मिलीं।

पुलिस मुख्यालय के एक आला अधिकारी ने अपना नाम जाहिर नहीं होने की शर्त पर आईएएनएस से कहा, "कहीं कुछ नहीं हो रहा है। हम इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का इंतजार कर रहे हैं। रिया चक्रवर्ती सुप्रीम कोर्ट गई हैं और उनकी याचिका में कहा गया है कि यह केस मुम्बई के ज्यूरिडिक्शन में लाया जाए। जब तक सुप्रीम कोर्ट का आदेश नहीं आ जाता तब तक इस मामले में कुछ नहीं हो सकता।"

अधिकारी ने हालांकि कहा कि बिहार पुलिस की टीम मुम्बई में अपना काम करती रहेगी लेकिन इस काम में उसे कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है क्योंकि मुम्बई पुलिस का उसे बिल्कुल भी साथ नहीं मिल रहा है।

अधिकारी ने कहा, "अब जो कुछ करना है, अपने बूते करना है। अफसोस की बात यह है कि मुम्बई पुलिस का हमें बिल्कुल साथ नहीं मिल रहा है। इससे काम करने में काफी दिक्कत हो रही है।"

बिहार पुलिस द्वारा रिया की गिरफ्तारी को लेकर बिहार से महिला पुलिस अधिकारियों को भेजे जाने सम्बंधी खबरों को लेकर अधिकारी ने कहा कि यह सब बेकार की बातें है। ऐसा कुछ भी नहीं है।

अधिकारी ने कहा, "सब अपने मन से चला रहे हैं। ऐसा कुछ नहीं है। जब हमें रिया को गिरफ्तार करने का वारंट ही नहीं मिला है तो फिर महिला अधिकारियों को मुम्बई भेजने का सवाल ही नहीं उठता।"

अधिकारी ने इतना जरूर कहा कि बिहार पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक बैठक हुई, जिसमें सुशांत आत्महत्या मामले से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। यह एक नियिमत बैठक थी, जिसमें बिहार पुलिस के सबसे वरिष्ठ अधिकारी शरीक हुए और अब तक हुए डेवलपमेंट पर चर्चा की गई।

सुशांत आत्महत्या मामले में मुम्बई पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। इस सिलसिले मे उसने कई दिग्गज फिल्म जगत से जुड़े लोगों से पूछताछ की है और वह अब तक किसी ठोस निर्णय पर नहीं पहुंच सकी है।

 

आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment