सीएए हिंदुस्तान के खिलाफ : कन्हैया

Last Updated 19 Dec 2019 05:41:31 PM IST

नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध में गुरुवार को वामदलों के आह्वान पर बिहार बंद के समर्थन में भाकपा नेता कन्हैया कुमार ने यहां डाकबंगला चौराहा पर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।




भाकपा नेता कन्हैया कुमार

बिहार बंद के समर्थन में भाकपा नेता कन्हैया कुमार ने बंद समर्थकों में जोश भरा और इस कानून को संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताया। जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया ने कहा, "यह कानून हिंदू और मुसलमान के खिलाफ नहीं, बल्कि यह हिंदुस्तान के खिलाफ है। इस कानून की वजह से बिहार प्रभावित होगा। सीएए और एनआरसी देश को बांटने के लिए है।"

उन्होंने कहा, "दस्तावेजों के आधार पर नागरिकता तय नहीं की जा सकती। यह देश अपनी गति से चल रहा था। यह कानून और एनआरसी देश को बांटने के लिए है। अहम मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए ऐसा किया गया है। यह कानून गरीब लोगों के लिए परेशानी है।"

उन्होंने सीएए के विरोध में 21 दिसंबर को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बिहार बंद का समर्थन करने की घोषणा की।

कन्हैया ने कहा, "आज देश के नौजवानों की बात नहीं होती। किसान खेत में मर रहे हैं। उनकी कोई चिंता नहीं कर रहा। चुनाव में देश के लोगों की बात नहीं की जाती। चुनाव में हिन्दुस्तान और पाकिस्तान की बात होती है। हिन्दुस्तान के पहचान की बात होती है।"

उन्होंने सीएए को संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताते हुए कहा कि संविधान कहता है कि किसी भी इंसान के साथ उसकी पहचान के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।

आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment