बिहार: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुई भाजपा-जदयू, नीतीश ने बनाई दूरी

Last Updated 21 Jun 2019 01:33:29 PM IST

बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन के साथ आज पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल युनाइटेड (जदयू) के नेताओं ने एक साथ योगाभ्यास किया।


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (फाइळ फोटो)

पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य आयोजन कंकड़बाग के पाटलिपुत्र खेल परिसर में किया गया जहां राज्यपाल लालजी टंडन ने कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार के अलावा भाजपा और जदयू के कई मंत्रियों तथा विधायकों ने एकसाथ योग किया।

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित होने के बाद यह पहला मौका है जब योग दिवस पर किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में जदयू शामिल हुआ है।
    

    
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस बार भी योग के सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। कुमार कहते रहे हैं कि वह भी योग करते हैं लेकिन उसका सार्वजनिक तौर पर प्रदर्शन नहीं करते हैं।
राज्यपाल टंडन ने इस मौके पर कहा कि आज पूरी दुनिया में लोग एकसाथ योग कर रहे हैं। योग में भारत विश्व गुरु के रूप में स्थापित हो चुका है और इसे यह स्थान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।

वहीं, लोकसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन छोड़कर राष्ट्रीय जनता दल की अगुवाई वाले महागठबंधन का हिस्सा बने राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने आज जंदाहा स्थित अपने आवासीय परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ योग किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए सभी को योग करना चाहिए। वह भी प्रतिदिन योग करते हैं।
   
इस मौके पर बिहार योग विद्यालय, मुंगेर के तत्वावधान में कष्टहरणी गंगा घाट तट स्थित ‘‘पादुका दर्शन केन्द्र‘‘ में एक घंटे का योगाभ्यास-सा का सफल आयोजन किया गया। योग-सा में स्थानीय लोगों के साथ-साथ विदेशी योग प्रेमियों ने भी हिस्सा लिया।

वार्ता
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment