उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 15 सीटों पर बसपा क
Last Updated 13 Jan 2010 02:03:40 PM IST
![]() |
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की 36 सीटो में से 33 सीटो के लिए आज हो रही मतगणना में अब तक घोषित 16 सीटों में से 15 के परिणाम राज्य में सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी के पक्ष में गए हैं जबकि एक सीट पर कांग्रेस का उम्मीदवार विजयी रहा है। 17 सीटों के परिणाम अभी घोषित होने है, जबकि तीन सीटो की मतगणना कल होगी।
चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया है कि मुरादाबाद-बिजनौर सीट पर बसपा उम्मीदवार परमेश्वरी लाल सैनी ने भाजपा-रालोद के संयुक्त उम्मीदवार कविता चौधरी को लगभग दो हजार मत से हरा दिया है जबकि बदायूं सीट पर बसपा विधायक डीपी यादव के भतीजे जितेन्द्र यादव ने सपा उम्मीदवार बनवारी सिंह यादव को हरा दिया।
सीतापुर सीट पर बसपा के राकेश सिंह ने सपा उम्मीदवार भरत त्रिपाठी को 870 वोटों से हरा दिया है, जबकि हरदोई सीट पर बसपा के ही अब्दुल हन्नान ने सपा उम्मीदवार अवध कुमार बागी को दो हजार से अधिक वोटों से हरा दिया।
गोण्डा सीट बसपा की सविता सिंह ने जीत ली। उन्होंने सपा उम्मीदवार शशि कुमार सिंह उर्फ जीतू को 2164 मतों के अंतर से हराया जबकि गाजीपुर सीट बसपा के राजदेव सिंह ने सपा के ननकू यादव को 894 मतो के अंतर से हराकर जीत ली।
बस्ती से बसपा उम्मीदवार मनीष जायसवाल ने कांग्रेस के फिरोज पठान को हरा दिया जबकि जौनपुर में बसपा की उम्मीदवार प्रभावती पाल ने 162 मतों से जीत हासिल की है।
बाराबंकी सीट पर बसपा के हरगोविन्द सिंह ने सपा एमएलसी अरविन्द सिंह को 666 मतों से पराजित किया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और अमेठी के सांसद राहुल गांधी की सुल्तानपुर-अमेठी सीट से पार्टी उम्मीदवार चौथे स्थान पर रहा। यहां बसपा के उम्मीदवार अशोक सिंह ने सपा के शैलेन्द्र सिंह को 608 मतो से हरा दिया।
कांग्रेस ने अभी तक रायबरेली सीट पर विजय हासिल की है जहां पार्टी उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह ने बसपा उम्मीदवार राजा राकेश प्रताप सिंह को हरा दिया।
बलिया में बसपा उम्मीदवार और पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर सिंह के पौत्र पप्पू सिंह ने सपा के रामधीर को हरा दिया जबकि फर्रूखाबाद में बसपा के मनोज अग्रवाल ने सपा के बाबा नरेश यादव को 1271 वोटो से हराया।
लखनऊ में बसपा के अरविन्द कुमार त्रिपाठी उर्फ गुडडू त्रिपाठी ने सपा के श्याम किशोर को 1481 मतो से हरा दिया जबकि आजमगढ़ में बसपा के कैलाश यादव ने सपा के कमला प्रसाद यादव को 876 मतो से हरा दिया।
कानपुर फतेहपुर सीट पर बसपा के अशोक कटियार ने सपा के लाल सिंह तोमर को 1661 मतो से हरा दिया।
Tweet![]() |