लोकसभा चुनाव LIVE: हिंसा की छिटपुट घटनाओं, EVM में गड़बड़ी के बीच मतदान ने जोर पकड़ा

Last Updated 18 Apr 2019 09:36:42 AM IST

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 95 सीटों पर गुरुवार दोपहर मतदान ने जोर पकड़ा। वहीं, छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के आईईडी विस्फोट, पश्चिम बंगाल में पथराव करने वालों पर पुलिस गोलीबारी और कुछ स्थानों से ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें भी मिलीं।

  • 16:33 : महाराष्ट्र की 10 लोकसभा सीटों पर दोपहर 3 बजे तक औसतन 46.63 प्रतिशत मतदान
  • 15:52 : तमिलनाडु की 38 लोकसभा सीटों पर दोपहर एक बजे तक 39.49 फीसदी मतदान हुआ।
  • 14:54 : महाराष्ट्र में 1 बजे तक 35 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।
  • 13:18 : पुडुचेरी की एकमात्र लोकसभा सीट पर हो रहे मतदान में दोपहर 12 बजे तक 23 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला
  • 12:59 : पश्चिम बंगाल की दार्जीलिंग, जलपाईगुड़ी और रायगंज लोकसभा सीटों पर शुरुआती दो घंटों में करीब 17 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
  • 12:53 : ओडिशा में कड़ी सुरक्षा के बीच राज्य की पांच लोकसभा और 35 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। 11 बजे तक 18 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।
  • 12:49 : जम्मू-कश्मीर में दो लोकसभा सीटों के लिए हो रहे मतदान के दौरान शुरुआती दो घंटों में महज 6.1 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
  • 12:47 : मायावती ने मतदाताओं से अपील की कि मतदान करें और ऐसी सरकार चुनें जो छलावा न करें
  • 12:46 : बिहार की पांच लोकसभा सीटों पर करीब 25.6 प्रतिशत मतदाताओं ने दोपहर 12 बजे तक अपने मताधिकार का उपयोग किया।
  • 12:43 : उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर 11 बजे तक करीब 24 फीसद वोट पड़े
  • 11:58 : उत्तर प्रदेश के मथुरा में 11 बजे तक कुल 23.62 प्रतिशत मतदान हुआ
  • 11:42 : अभिनेता से नेता बने मक्कल निधि मैयम (एमएनएम) के संस्थापक कमल हासन और उनकी बेटी श्रुति हासन ने चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।
  • 11:41 : तमिलनाडु की 38 लोकसभा सीटों और 18 विधानसभा सीटों के लिए सात बजे शुरू हुए मतदान में दो घंटे में 13.48 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला।
  • 11:40 : तमिलनाडु में कुछ मतदाता केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आने की वजह से मतदान में देरी हुई।
  • 11:29 : ओडिशा में पांच लोकसभा और 35 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव के लिए हो रहे मतदान के पहले दो घंटों में लगभग सात प्रतिशत मतदान हुआ
  • 11:28 : असम के पांच संसदीय क्षेत्रों में 9 बजे तक करीब 11.61 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले
  • 11:13 : उत्तर प्रदेश में 9 बजे तक 10.76 प्रतिशत मतदान हुआ है
  • 10:47 : बिहार की पांच लोकसभा सीटों किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में सुबह 10 बजे तक करीब 15 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया
  • 10:25 : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर मतदाताओं से न्याय के लिए वोट करने की अपील की।
  • 10:25 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
  • 10:22 : वहीं, अभिनेता अजीत ने चेन्नई में थिरुवंमियुर स्थित अपने घर के पास ही बने मतदान केंद्र पर वोट डाला।
  • 10:21 : अभिनेता-राजनेता रजनीकांत ने चेन्नई में स्टेला मैरीस कॉलेज में स्थापित मतदान केंद्र में वोट डाला।
  • 10:21 : छत्तीसगढ़ की कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद सीटों के लिए आज हो रहे मतदान के शुरूआती दो घंटों में लगभग 11 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया
  • 10:20 : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलनीस्वामी सलेम जिले के एक मतदान केंद्र पर अन्य मतदाताओं की तरह ही कतार में लगे और अपना वोट डाला।
  • 10:18 : चिदंबरम के बेटे कार्ति पी. चिदंबरम शिवगंगा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वह भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एच.राजा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
  • 10:18 : पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम आज सुबह तमिलनाडु के शिवगंगा लोकसभा सीट पर जल्द मतदान करने वाले लोगों में शामिल रहे। उन्होंने लोगों से भी मतदान करने की अपील की।

ओडिशा में 35 विधानसभा सीटों और तमिलनाडु में 18 विधानसभा सीटों पर भी मतदान जारी है।       

तमिलनाडु में कुल 39 में से 38 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है जबकि हाल ही में कथित तौर पर द्रमुक के एक नेता के सहयोगी के पास से नकदी बरामद होने के बाद चुनाव आयोग ने मंगलवार को वेल्लोर लोकसभा सीट पर मतदान रद्द कर दिया था।       

तमिलनाडु के अलावा कर्नाटक में लोकसभा की 14 सीटों, महाराष्ट्र में 10, उत्तर प्रदेश में आठ, असम, बिहार और ओडिशा में पांच-पांच, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में तीन-तीन, जम्मू-कश्मीर में दो और मणिपुर और पुडुचेरी में एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है।        

कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू कश्मीर की श्रीनगर सीट पर भी मतदान जारी है, जहां नेकां अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला फिर से निर्वाचित होने के लिए चुनाव मैदान में हैं।       

अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र के आसपास के तीन जिलों- श्रीनगर, बडगाम और गंदेरबल में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।      

चुनाव अधिकारियों के मुताबिक जम्मू कश्मीर की उधमपुर और श्रीनगर सीटों पर दोपहर एक बजे तक करीब 30 प्रतिशत मतदान हुआ है।      

छत्तीसगढ़ में तीन लोकसभा सीटों पर दोपहर तीन बजे तक लगभग 60 प्रतिशत मतदान हुआ। इन सीटों के नक्सल प्रभावित राजनांदगांव सीट के मोहला-मानपुर और कांकेर सीट के अन्तागढ़, भानुप्रतापपुर, केशकाल और कांकेर विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा कारणों से मतदान दोपहर तीन बजे मतदान समाप्त हो गया। महासमुन्द सीट के बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा के अन्तर्गत कुछ मतदान केन्द्रों पर भी मतदान तीन बजे खत्म हो गया। इन सीटों के अन्तर्गत आने वाले मैदानी क्षेत्रों में मतदान शान्तिपूर्ण जारी है। तीनों सीटों पर दोपहर तीन बजे तक औसतन 59.72 प्रतिशत मतदान हुआ है।

मतदान के प्रति लोगों में काफी उत्साह है और गर्मी के बावजूद मतदान केन्द्रों पर बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए पहुंच रहे हैं।

राज्य में मतदान के दौरान हिंसा की घटना हुई। राज्य के राजनंदगांव जिले में नक्सलियों ने एक आईईडी विस्फोट किया जिसमें आईटीबीपी के एक जवान को मामूली चोटें आई हैं।    

तमिलनाडु की 38 सीटों पर पूर्वाह्न 11 बजे तक 30. 62 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। वहां सुबह-सुबह वोट डालने वालों में मुख्यमंत्री के. पलानीसामी और द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन शामिल हैं।       

तमिलनाडु के मुख्य चुनाव अधिकारी सत्यव्रत साहू ने बताया कि अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है और कुछ स्थानों पर तकनीकी गड़बड़ी जैसे मुद्दों का हल किया गया।      

कर्नाटक की 14 सीटों पर पूर्वाह्न 11 बजे तक करीब 19. 58 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।         
पुडुचेरी में लोकसभा की एकमात्र सीट के लिए दोपहर तक 23 प्रतिशत मतदान हुआ।        

वहीं, पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में हिंसा की छिटपुट घटनाएं दर्ज की गई हैं। राज्य में लोकसभा की तीन सीटों पर दोपहर एक बजे तक करीब 51.6 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।        

उन्होंने बताया कि न्यूज चैनल के एक रिपोर्टर और एक कैमरामैन से कथित तौर पर मारपीट की गई। वे लोग रायगंज निर्वाचन क्षेत्र के काटाफुलवाड़ी में मतदान की रिपोर्टिंग करने गए थे।       

सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र में उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा में मतदाताओं ने कथित तौर पर सड़क की नाकेबंदी कर दी और मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की गैर मौजूदगी की शिकायतें कीं।        

जिले के एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने चोपड़ा में अपने ऊपर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किए जाने और बम फेंके जाने के बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।       

पुलिस ने इस सिलसिले में कम से कम तीन लोगों को हिरासत में लिया है।        

इस बीच, रायगंज से माकपा उम्मीदवार मोहम्मद सलीम ने दावा किया कि उनकी कार पर अज्ञात लोगों ने उस वक्त हमला किया जब वह उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर में एक मतदान केंद्र पर गए थे।        

बिहार में लोकसभा की पांच सीटों पर दोपहर तक 25. 6 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि, कुछ बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतों और मतदान के बहिष्कार के चलते वोंिटग देर से शुरू हुई।       

अधिकारी ने बताया कि बांका में अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत एक मतदान केंद्र से चुनाव बहिष्कार की खबर है। इसी क्षेत्र में दो मतदान केंद्रों पर शुरूआती घंटों में लोगों ने मतदान नहीं किया क्योंकि वे लोग कैथा गांव में एक किसान के मारे जाने का विरोध कर रहे थे। मतदान प्रक्रिया सुबह सवा दस बजे शुरू हुई।       

महाराष्ट्र में लोकसभा की 10 सीटों पर पूर्वाह्न 11 बजे तक 21. 47 प्रतिशत मतदान हुआ।        

राज्य के नांदेड़ से 78 ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें मिली हैं।        

उत्तर प्रदेश में आठ सीटों पर दोपहर एक बजे तक 38 प्रतिशत मतदान हुआ है।        

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राज्य के कुछ हिस्सों में ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर चिंता प्रकट की है।         
असम में पांच सीटों पर दोपहर एक बजे तक करीब 46. 42 प्रतिशत मतदान हुआ।        

अधिकारियों के मुताबिक कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी की शिकायतें हैं, लेकिन मतदान कर्मियों ने इस समस्या को दूर कर दिया।         

लोकसभा चुनाव के इस चरण में एक पूर्व प्रधानमंत्री और चार केंद्रीय मंत्री चुनाव मैदान में हैं। भाजपा अपनी 27 सीटों को बचाने की कोशिश कर रही है।         

कांग्रेस 2014 में इन निर्वाचन क्षेत्रों में जीती गई 12 सीटों को बचाने के साथ अपना प्रदर्शन बेहतर करने की उम्मीद कर रही है।

लोकसभा की 543 सीटों के लिये सात चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण में 11 अप्रैल को हुये चुनाव में 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान हो चुका है। मतगणना 23 मई को होगी।    

आगे पढ़ें लोकसभा चुनाव से जुड़ा हर अपडेट...

भाषा/वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment