कांग्रेस का घोषणापत्र और पाकिस्तान की भाषा समान: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महाराष्ट्र में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पर जमकर हमला बोला।
![]() प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी |
मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पाकिस्तान बनाने के लिए जिम्मेदार है। स्वतंत्रता से पहले कांग्रेस नेताओं ने अगर समझदारी से काम लिया होता तो आज यह पाकिस्तान नहीं बना होता।
मोदी ने कहा कि कश्मीर संबंधी मुद्दों पर कांग्रेस का घोषणापत्र और पाकिस्तान की भाषा समान है। ये कह रहे हैं कि देश से हम देशद्रोह का कानून हटाएंगे, मैं कांग्रेस वालों से कहता हूं कि दर्पण में जा के अपना मुंह देखें, आप के मुंह से मानव अधिकार की बातें शोभा नहीं देती। कांग्रेस वालों ने बाला साहब ठाकरे का मतदान करने का अधिकार छीन लिया था।
मोदी ने सोमवार को जारी किए गए भाजपा के घोषणापत्र की तारीफ करते हुए कहा कि अन्य मुद्दों सहित पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा और किसानों के कल्याण को लेकर प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के ढकोसला पत्र की आयु केवल 23 मई तक है। हमारा संकल्प पत्र आने वाले पांच वर्षों के लिए है।’’
मोदी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी राकांपा पर जम्मू-कश्मीर में अलग प्रधानमंत्री की मांग करने वालों का साथ देने का आरोप लगाया।
मोदी का इशारा नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला के इस संबंध में हाल ही में दिए बयान की ओर था।
मामले में राकांपा प्रमुख शरद पवार पर हमला बोलते हुए मोदी ने पूछा कि क्या मराठा क्षत्रप को ऐसे विचार वाली पार्टी का साथ देना शोभा देता है।
दूसरी ओर, मोदी ने कहा कि भाजपा के तहत नए भारत की नीति आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारने की है।
उन्होंने कहा, "हम आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारेंगे, यह नए भारत की नीति है। हम आतंक को हराकर ही दम लेंगे ये हमारा संकल्प है।"
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर पिछले महीने पुलवामा आतंकी हमले में सुरक्षा बलों की वीरता पर सवाल उठाने के अपने आरोप को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के विमान को मार गिराया, यह साबित करने के लिए कांग्रेस नेताओं को कितने सुबूत चाहिए।
मोदी ने पहली बार मतदान करने वाले लोगों से कहा, ‘‘क्या आपका पहला वोट हवाई हमला करने वालों के लिए होगा।’’
मध्य प्रदेश में आयकर विभाग के छापों पर मोदी ने कहा, ‘‘आपने देखा होगा कल-परसों कैसे कांग्रेस के दरबारियों के घर से बक्सों में नोट निकले हैं, नोट से वोट खरीदने का ये पाप इनकी राजनीतिक संस्कृति रही है। ये पिछले छह महीनों से बोल रहे हैं ‘चौकीदार चोर है’ लेकिन नोट कहां से निकले? असली चोर कौन है?
मोदी ने वहां मौजूद लोगों से कहा, ‘‘आपका भरोसा पिछले पांच साल में मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है।’’
उन्होंने यह भी कहा कि उनका लक्ष्य भारत को नक्सल और माओवादी संकट से मुक्त करना है।
| Tweet![]() |