Parliament Session: पेरिस ओलंपिक में पदक जीतने पर भारतीय हॉकी टीम और नीरज चोपड़ा को लोकसभा ने दी बधाई

Last Updated 09 Aug 2024 11:45:35 AM IST

लोकसभा ने पेरिस ओलंपिक में भालाफेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा और कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम को शुक्रवार को बधाई दी।


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में प्रश्नकाल आरंभ होने से पहले पेरिस ओलंपिक में शुक्रवार को भारत को मिले इन दो पदकों को उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, ‘‘आठ अगस्त को पेरिस ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीतकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है...नीरज चोपड़ा ने भालाफेंक प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर भारतीय खेल जगत में नया इतिहास रचा है...इससे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।’’

बिरला ने कहा, ‘‘हम खिलाड़ियों को उनकी भावी सफलता के लिए शुभकामना देते हैं।’’

इसके बाद सदस्यों ने मेज थपथापाकर भारतीय खिलाड़ियों की सराहना की।

नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक की भालाफेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बन गए।

दूसरी तरफ, भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment