कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने राहुल गांधी की सदस्यता बहाल होने का किया स्वागत, कहा- विपक्ष की बजाय शासन पर ध्यान दे मोदी सरकार

Last Updated 07 Aug 2023 11:33:48 AM IST

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने का स्वागत करते हुए सोमवार को कहा कि इससे भारत के लोगों खासकर वायनाड संसदीय क्षेत्र की जनता को राहत मिली है।


कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो)

खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘राहुल गांधी जी की संसद की सदस्यता बहाल करने का निर्णय एक स्वागत योग्य कदम है। यह (कदम) भारत के लोगों और विशेषकर वायनाड की जनता के लिए राहत लेकर आया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और मोदी सरकार के कार्यकाल का अब जो भी समय बचा है, उन्हें उसका उपयोग विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर लोकतंत्र को बदनाम करने की बजाय शासन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।’’



राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद संसद भवन में खरगे ने कांग्रेस एवं कुछ अन्य विपक्षी दलों के नेताओं को मिठाई भी खिलाई।

उच्चतम न्यायालय द्वारा ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगाए जाने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की लोकसभा सदस्यता सोमवार को बहाल कर दी गई।

इस संबंध में लोकसभा सचिवालय ने एक अधिसूचना जारी की।

 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment