Election 2023: त्रिपुरा के उम्मीदवारों के चयन के लिए भाजपा की अहम बैठक आज, पीएम मोदी होंगे शामिल

Last Updated 27 Jan 2023 11:33:41 AM IST

त्रिपुरा विधान सभा चुनाव को लेकर भाजपा आज अपने उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगा सकती है। 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा में 16 फरवरी को मतदान होगा। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 30 जनवरी है।


राज्य में 16 फरवरी को विधानसभा की सभी 60 सीटों पर होने वाले चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों के नाम पर मंथन के लिए भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में शुक्रवार को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाली बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत केंद्रीय चुनाव समिति के सभी सदस्य शामिल होंगे। बैठक में नॉर्थ ईस्ट प्रदेशों के संयोजक संबित पात्रा, त्रिपुरा के चुनाव प्रभारी महेश शर्मा, मुख्यमंत्री माणिक साहा, त्रिपुरा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य के साथ-साथ प्रदेश कोर ग्रुप के सभी नेता शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को होने वाली बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन होगा और अंतिम मुहर लगने के बाद पार्टी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी।

आपको बता दें कि, भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से एक दिन पहले गुरुवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नॉर्थ ईस्ट प्रदेशों के संयोजक संबित पात्रा, त्रिपुरा के चुनाव प्रभारी महेश शर्मा, मुख्यमंत्री माणिक साहा, त्रिपुरा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य, पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब सहित त्रिपुरा कोर ग्रुप के नेताओं के साथ मैराथन बैठक कर राज्य के चुनावी हालात और एक-एक सीट के समीकरण और उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की थी।

आपको बता दें कि, 2013 के त्रिपुरा विधान सभा चुनाव में एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं करने वाली भाजपा ने 2018 के पिछले विधान सभा चुनाव में सभी को चौंकाते हुए शानदार प्रदर्शन कर 44 प्रतिशत के लगभग मत के बल पर 35 सीटें जीत कर प्रदेश में पहली बार सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की थी। भाजपा राज्य में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरने जा रही है।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment