एअर इंडिया की फ्लाइट में महिला पर 'पेशाब' करने वाला गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने बेंगलुरू से पकड़ा

Last Updated 07 Jan 2023 12:07:52 PM IST

एअर इंडिया की फ्लाइट में महिला से बदसलूकी करने करने वाले शख्स शंकर मिश्रा को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने एअर इंडिया की उड़ान में सह-यात्री पर पेशाब करने के आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। 


आरोपी शंकर मिश्रा ने पिछले साल 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की एक उड़ान की बिजनेस क्लास में नशे की हालत में एक बुजुर्ग महिला पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया था।

दिल्ली पुलिस ने महिला द्वारा एअर इंडिया को दी गई शिकायत के आधार पर चार जनवरी को मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) रवि कुमार सिंह ने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस के एक दल ने आईजीआईए मामले में आरोपी शंकर मिश्रा को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली लाया गया है और मामले में जांच की जा रही है।’’

बेंगलुरु पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी बेंगलुरु के संजय नगर में अपनी बहन के घर रह रहा था और बेंगलुरु पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में दिल्ली पुलिस की मदद की।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मिश्रा ने तीन जनवरी को अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था और उसकी आखिरी लोकेशन बेंगलुरु में पायी गयी थी। उन्होंने बताया कि वह बेंगलुरु में यात्रा करने के लिए टैक्सी लिया करता था। उसके यात्रा का ब्यौरा निकाला गया और उस रास्ते का पता लगाया गया जिससे वह अपने दफ्तर जाता था।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात को मिश्रा की लोकेशन मैसुरु में पायी गयी थी। जब तक दिल्ली पुलिस का दल वहां पहुंचा तब तक वह टैक्सी से उतर चुका था। टैक्सी चालक से पूछताछ पर कुछ जानकारी हाथ लगी।

पुलिस ने बताया कि मिश्रा को जिस जगह से गिरफ्तार किया गया है, वह अक्सर वहां ठहरता था।

प्राथमिकी के अनुसार, 26 नवंबर को एआई-102 विमान में भोजन परोसे जाने के बाद जब बत्तियां बंद की गईं तो ‘बिजनेस क्लास’ में 8ए सीट पर बैठा नशे में धुत एक पुरुष यात्री, एक बुजुर्ग महिला की सीट के पास गया और उन पर पेशाब कर दिया।

पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 354, 509, 510 और विमान कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान के पायलट और सह-पायलट समेत एअर इंडिया के कर्मियों को शनिवार को पेश होने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि कर्मियों को शुक्रवार के दिन पेश होने के लिए समन जारी किया गया था लेकिन वे पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुए।

दिल्ली पुलिस की प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी ने महिला से उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज न कराने की मिन्नतें करते हुए कहा कि वह पारिवारिक व्यक्ति है और वह नहीं चाहता कि उसकी पत्नी तथा बच्चे पर इस घटना का असर पड़े।

आरोपी को देश छोड़कर जाने से रोकने के लिए उसके खिलाफ एक लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था।

भारत में अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी वेल्स फारगो के साथ काम कर रहे मिश्रा को शुक्रवार को बर्खास्त कर दिया गया।

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया के सीईओ कैम्पबेल विल्सन ने इस घटना के लिए शनिवार को माफी मांगी और कहा कि चालक दल के चार सदस्यों तथा एक पायलट को जांच पूरी होने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है तथा एअरलाइन विमान में शराब परोसने की अपनी नीति की समीक्षा कर रही है।

एयर इंडिया विवाद : जांच के लिए 3 पायलट आईजीआई एयरपोर्ट थाने पहुंचे

न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान के दौरान एक महिला पर व्यक्ति द्वारा पेशाब करने की घटना की जांच में शामिल होने के लिए एयर इंडिया के तीन पायलट शनिवार को यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डा पुलिस थाने पहुंचे। शंकर मिश्रा के रूप में पहचाने जाने वाले आरोपी को शुक्रवार रात बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया था और दिल्ली पुलिस की टीम द्वारा राष्ट्रीय राजधानी लाए जाने के बाद जांचकर्ता आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में उससे पूछताछ कर रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि चालक दल के चार सदस्यों के बयान दर्ज किए गए हैं। तीनों पायलट भी अपना बयान दर्ज करेंगे और घटना की पूरी टाइमलाइन बनाई जाएगी।

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को एयर इंडिया की फ्लाइट 201 के पायलटों और चालक दल के सदस्यों को जांच में शामिल होने और अपने बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था।

मिश्रा पर धारा 510 (शराबी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक रूप से दुराचार), 509 (एक महिला की मर्यादा का अपमान करना), 294 (किसी भी सार्वजनिक स्थान पर या उसके पास कोई अश्लील गीत, गाथागीत या शब्द गाता है, सुनाता है या उच्चारण करता है), 354 (शील भंग करने का इरादा) आईजीआई हवाईअड्डे के पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में भारतीय दंड संहिता के साथ-साथ विमान नियम अधिनियम की एक धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

आईएएनएस/ भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment