कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के बयान पर राज्यसभा में हंगामा, बीजेपी ने कहा- माफी मांगे
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दिए गए बयान को लेकर संसद के अंदर और बाहर दोनों जगह हंगामा मचा हुआ है। भाजपा ने खड़गे की बयान की कड़ी निंदा की है।
![]() |
राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से राजस्थान के अलवर में दिए गए उनके भाषण पर माफी की मांग की। माफी मांगने के नारे लगा रहे पार्टी सदस्यों के समर्थन में गोयल ने कहा, उन्हें सदन में रहने का कोई अधिकार नहीं है और उन्हें भाजपा से माफी मांगनी चाहिए, जो दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा, ''इसलिए गांधी जी कांग्रेस को खत्म करना चाहते थे।''
इसका जवाब देते हुए खड़गे ने कहा, मैंने सदन के बाहर बोला है जो एक राजनीतिक भाषण है और मैं इसे दोहरा सकता हूं, स्वतंत्रता आंदोलन में भाजपा की कोई भूमिका नहीं है।
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी है, जबकि भाजपा नेता ब्रिटिश सरकार से क्षमा मांगते थे।
अलवर में सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'कांग्रेस ने देश को आजादी दी और इंदिरा और राजीव गांधी ने देश की एकता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।'
उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने अपनी जान दी। आपने (भाजपा) क्या किया? क्या आपके किसी कुत्ते ने देश के लिए जान दी? क्या परिवार के किसी सदस्य ने कोई बलिदान दिया है?
इटैलियन कांग्रेस के रबड़ स्टैम्प अध्यक्ष हैं खड़गे : प्रल्हाद जोशी
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दिए गए बयान को लेकर संसद के अंदर और बाहर दोनों जगह हंगामा मचा हुआ है। भाजपा की तरफ से केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने खड़गे की बयान की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष और राज्य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे 10 टर्म से सांसद हैं और उन्हें इतने वर्षों का राजनैतिक अनुभव रखने वाले खड़गे से इस तरह की अभद्र भाषा की उम्मीद नहीं थी।
वर्तमान कांग्रेस को नकली कांग्रेस और इटैलियन कांग्रेस बताते हुए जोशी ने कहा कि आज की कांग्रेस असली नहीं बल्कि नकली कांग्रेस है। महात्मा गांधी ने तो आजादी के बाद ही कांग्रेस को विसर्जित करने का आह्वान किया था। आज की नकली कांग्रेस ने वल्लभ भाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस, बाल गंगाधर तिलक और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के साथ जो सलूक किया है, उसके बारे में सारा देश जानता है।
उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस आजादी की लड़ाई वाली कांग्रेस नहीं है और खड़गे इस नकली इटैलियन कांग्रेस के रबड़ स्टैम्प अध्यक्ष है।
| Tweet![]() |