आप से नहीं संभल रहा है पंजाब, पकड़े जाने पर हटाया स्वास्थ्य मंत्री को - भाजपा

Last Updated 24 May 2022 05:08:20 PM IST

पंजाब के निवर्तमान स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोप में हटाकर वाहवाही लूटने पर सवाल उठाते हुए भाजपा ने आरोप लगाया है कि जहां-जहां आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है, वहां-वहां अपने आप भ्रष्टाचार पहुंच जाता है और आम आदमी पार्टी से पंजाब संभल नहीं पा रहा है।


भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया

भाजपा ने कांग्रेस और आप दोनों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब की जनता और ज्यादा त्रस्त हो गई है क्योंकि भ्रष्टाचारी (कांग्रेस) पार्टी सत्ता से बाहर हो गई है, लेकिन अब महा-भ्रष्टाचारी पार्टी (आप) सत्ता में आ गई है।

भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि 6 अप्रैल 2022 को अरविंद केजरीवाल का कहना था कि 20 दिन में उन्होंने पंजाब से भ्रष्टाचार खत्म कर दिया है तो जिस भ्रष्टाचार को आप ने 20 दिन में खत्म कर दिया था क्या उसका पुनर्जन्म भी आप सरकार ने ही कराया है?

भाजपा प्रवक्ता ने आप की सरकारों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि, आम आदमी पार्टी की 2 राज्यों में सरकार है। आप की पंजाब सरकार के स्वास्थ्य मंत्री भ्रष्टाचारी निकले। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पर भी भ्रष्टाचार के आरोप हैं। 2 प्रदेश, 2 स्वास्थ्य मंत्री, दोनों भ्रष्टाचारी। यानी 100 प्रतिशत करप्शन रेट अरविंद केजरीवाल ही दे सकते हैं।

भाटिया ने कहा कि पंजाब में आप की सरकार को आये हुए 68 दिन ही हुए हैं और सरकार के कामकाज को देखकर यह कहा जा सकता है कि आम आदमी पार्टी से पंजाब संभल नहीं रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री को हटाने पर वाहवाही लूटने के प्रयासों पर निशाना साधते हुए भाटिया ने आरोप लगाया कि, पंजाब के निवर्तमान स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला, आप के लिए कमीशन और घूसखोरी कर रहे थे। लेकिन जब वह पकड़े गए तो उन्हें मजबूरी में हटाते हुए अरविंद केजरीवाल कह रहे हैं कि उनकी आंखों में आंसू आ गए।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment