अमेठी या रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी प्रियंका!

Last Updated 23 Jan 2022 01:50:18 AM IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में एक प्रत्याशी के रूप में सामने आ सकती हैं, लेकिन वे पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में सामने आने को तैयार नहीं हैं।


प्रियंका गांधी

पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें, तो प्रियंका गांधी अमेठी या रायबरेली से चुनावी मैदान में ताल ठोक सकती हैं। दोनों ही जगह से कार्यकर्ताओं की उनको चुनाव में लड़ने को लेकर बड़ी तादाद में मांग कांग्रेस हाईकमान को मिली है। प्रियंका गांधी का दफ्तर भी दोनों ही जगह पर आंतरिक सर्वेक्षण करा रहा है।

माना जा रहा है कि शीघ्र ही वह चुनाव लड़ने का ऐलान कर सकती हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के चुनाव मैदान में उतर जाने के बाद कांग्रेस पार्टी और प्रियंका गांधी पर चुनाव लड़ने को लेकर बेहद दबाव है। ऐसे में सूत्र बताते हैं कि प्रियंका गांधी ने चुनाव लड़ने का सिद्धांत रूप से फैसला कर लिया है, इसकी औपचारिक घोषणा होना बाकी है।

पार्टी के अंदर माना जा रहा है कि प्रियंका के चुनाव मैदान में उतरने से न केवल कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि राज्य के मतदाताओं तक एक सकारात्मक संदेश भी जाएगा और उनका ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के नारे के तहत भी चुनाव मैदान में उतरना फायदे का सौदा रहेगा। अमेठी रायबरेली के अलावा प्रयागराज से भी प्रियंका के चुनाव लड़ने को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा मांग उठाई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार पार्टी इन चुनावों में मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में प्रियंका गांधी को आगे करने का जोखिम उठाने को तैयार नहीं है और आज प्रियंका गांधी ने खुद भी मीडिया से बातचीत में इस तरह के संकेत दिए हैं कि कल उन्होंने जो कुछ भी कहा था, चिढ़कर कहा था और उसके गलत मायने निकाले जा रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को ही उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए ‘भर्ती विधान: युवा घोषणापत्र’ जारी करते हुए प्रियंका ने एक सवाल के जवाब में कहा था ‘क्या आपको कोई दूसरा चेहरा नजर आ रहा है?’ दिख तो रहा है ना मेरा चेहरा।

सूत्रों का कहना है कि वैसे भी कांग्रेस में चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री के चेहरा पेश करने की परंपरा नहीं रही है। पार्टी सामूहिक नेतृत्व में ही चुनाव मैदान में उतरती है। चुने हुए विधायक की विधायक दल के नेता का चयन करते हैं।

प्रतीक मिश्र/सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment