तीसरी लहर : रफ्तार ने डराया
देश में कोरोना की तीसरी लहर की रफ्तार अब डराने लगी है। महज आठ दिनों में दैनिक संक्रमण के मामले दस हजार से एक लाख की संख्या को पार कर गए हैं। पहली लहर में यह आंकड़ा पार करने में 103 दिन तो दूसरी लहर में 47 दिन लगे थे।
![]() देश में कोरोना की तीसरी लहर |
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार को एक लाख 17 हजार एक सौ नए मामले आए। इनमें 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से ओमीक्रोन स्वरूप के 3,007 मामले भी शामिल हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अभी तक आए ओमीक्रोन के कुल मामलों में से 1,199 लोग स्वस्थ हो गए या देश छोड़कर चले गए हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 876 मामले आए हैं। इसके बाद दिल्ली में 465, कर्नाटक में 333, राजस्थान में 291, केरल में 284 और गुजरात में 204 मामले आए। आंकड़ों के अनुसार देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 3,71,363 हो गई, जो करीब 120 दिनों में सबसे अधिक है। एक दिन में 302 मरीजों के जान गंवाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,83,178 हो गई है।
कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान में भारत को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है, क्योंकि शुक्रवार को देश में अब तक लगाए गए टीकों की कुल संख्या 150 करोड़ से अधिक हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि यह ‘ऐतिहासिक उपलब्धि’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्यकर्मियों की अनवरत कड़ी मेहनत के कारण हासिल की जा सकी। मांडविया ने ट्वीट किया कि जब हर कोई मिलकर प्रयास करता है तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। देश में कोविड-19 टीके की खुराक देने का 100 करोड़ का आंकड़ा 21 अक्टूबर को हासिल किया गया था।
| Tweet![]() |