भारतीय कैदियों की जल्द रिहाई सुनिश्चित करे पाक : भारत

Last Updated 02 Jan 2022 04:00:38 AM IST

भारत ने शनिवार को पाकिस्तान से 356 भारतीय मछुआरों और दो आम नागरिक कैदियों की रिहाई एवं उन्हें वापस भेजना सुनिश्चित करने की मांग की, जिनकी नागरिकता की पहले ही पुष्टि हो गई है एवं पाकिस्तान के प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी गई है।


भारतीय कैदियों की जल्द रिहाई सुनिश्चित करे पाक : भारत

विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, पाकिस्तान से 182 भारतीय मछुआरों और 17 आम नागरिक कैदियों के लिए तत्काल राजनयिक पहुंच उपलब्ध कराने को भी कहा गया है, जो अभी पाकिस्तान की हिरासत में हैं और जिनके बारे में समझा जाता है कि वे भारतीय हैं । भारत ने दोनों देशों के बीच मछुआरों एवं आम नागरिक कैदियों की सूची के आदान प्रदान के परिप्रेक्ष्य में यह आग्रह किया। दोनों देशों के बीच वर्ष 2008 के समझौता ढांचा के तहत हर वर्ष 1 जनवरी और 1 जुलाई को ऐसा किया जाता है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के 282 नागरिक कैदियों एवं 73 मछुआरों की सूची पड़ोसी देश को सौंपी, जो भारत की हिरासत में हैं। इसी प्रकार से पाकिस्तान ने उसकी हिरासत में रहने वाले 51 आम नागरिक कैदियों एवं 577 मछुआरों की सूची भारत को सौंपी, जिनके बारे में समझा जाता है कि वे भारतीय नागरिक हैं। बयान के अनुसार, भारत ने आम नागरिक कैदियों, लापता रक्षा कर्मियों एवं मछुआरों तथा उनकी नौकाओं की जल्द रिहाई एवं उनकी वापसी सुनिश्चित करने को भी पाकिस्तान से कहा है।

इसमें कहा गया है कि सरकार ने पाकिस्तान से चिकित्सा दल के सदस्यों के लिए वीजा प्रदान करने में तेजी लाने को कहा है ताकि वे पाकिस्तान में उन कैदियों की मानसिक स्थिति एवं स्वास्थ्य की जांच कर सके जो उसकी जेल में बंद हैं और जिनके बारे में समझा जाता है कि वे भारतीय नागरिक हैं । मंत्रालय के बयान के अनुसार, इसमें संयुक्त न्यायिक समिति के लिए जल्द पाकिस्तान का दौरा आयोजित करने का भी प्रस्ताव किया गया है।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment