ढांचा ढह जाने के बाद ही दिल्ली आई खबर : राम नाईक

Last Updated 06 Dec 2021 02:14:27 AM IST

6 दिसम्बर, 1992 को दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में बैठकर अयोध्या के हालात की पल-पल की खबर लेकर पार्टी के दिग्गज नेता अटल बिहारी वाजपेयी तक पहुंचाने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि ढांचा ढह जाने के बाद ही दिल्ली आई कि ऐसे घटना हो गई है उन्होंने कहा कि उस समय मैं भारतीय जनता पार्टी का लोकसभा में चीफ व्हिप था।


पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक

6 दिसम्बर 1992 को मैं और हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुंदर सिंह भंडारी दिल्ली में पार्टी के कार्यालय में बैठ कर लगातार निगरानी कर रहे थे और अयोध्या के हालात की पल-पल की जानकारी ले रहे थे।

आज की तरह उस समय संपर्क के ज्यादा साधन नहीं थे, मोबाइल नहीं थे। इतने सारे टीवी चैनल नहीं थे और सिर्फ लैंडलाइन फोन के जरिए ही हम अयोध्या के हालात की जानकारी जुटा रहे थे।

उस समय हमारे दो बड़े नेताओं में से एक आडवाणी जी, अयोध्या में थे और दूसरे अटल बिहारी वाजपेयी जी दिल्ली में थे। भाजपा के सोर्स से हमें अयोध्या को लेकर जो खबरें मिल रही थी, हम उसे वाजपेयी जी तक पहुंचा रहे थे। इन तमाम जानकारियों के आधार पर अगले दिन अटल बिहारी वाजपेयी जी ने यहां प्रेस कांफ्रेंस भी की थी।

वहां से तो पहले इसी तरह की खबरें आ रही थी कि कितने कार्यकर्ता और कारसेवक वहां पहुंच रहे हैं। कितने लोगों को कहां-कहां रोक दिया गया है और क्यों रोका गया है। आडवाणी जी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने भाषण में क्या-क्या बोला है। हमें तो दिल्ली में पता भी नहीं था कि ऐसा कुछ होने वाला है।

ढांचा ढह जाने के बाद ही यह खबर दिल्ली तक पहुंची कि ऐसी घटना हो गई है।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment