70 वर्ष में लोकतंत्र को मजबूत नहीं किया, तो मोदी पीएम कैसे बने : कांग्रेस

Last Updated 27 Nov 2021 01:45:35 AM IST

कांग्रेस ने संविधान दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विपक्ष पर निशाना साधे जाने के बाद शुक्रवार को उन पर पलटवार किया और कहा कि अगर 70 वर्षों में लोकतंत्र को मजबूत और उसका सम्मान नहीं किया गया, तो फिर 2014 में मोदी प्रधानमंत्री कैसे बने।


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा

पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा, प्रधानमंत्री जी का विपक्ष की आलोचना करना सही नहीं है। इसका कोई औचित्य नहीं है। सरकार कोई अवसर नहीं छोड़ती कि संविधान और संवैधानिक परंपराओं को दबाकर निर्णय लिया जाए। शर्मा ने कहा, यहां राष्ट्रीय दल भी हैं और क्षेत्रीय दल भी हैं। हर दल का अपना एक संविधान होता है। हर दल स्वयं निर्णय लेते हैं। भाजपा के पास भी परिवार है। उसमें संगठन मंत्री के तौर पर लोग काम करते हैं। हर दल का काम करने का अपना तरीका है।

उन्होंने प्रधानमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा, 1947 से 2014 तक लोकतंत्र कमजोर नहीं, मजबूत होता रहा। अगर लोकतंत्र को संकट था और लोकतंत्र का सम्मान नहीं किया गया तो फिर 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री कैसे बने? इसलिए क्योंकि संविधान, प्रजातंत्र और कानून का सम्मान किया गया था। कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा, आजादी के संग्राम और संविधान बनाने में अगर भाजपा के विचार से जुड़ा कोई एक व्यक्ति शामिल था, तो मैं उनको बधाई दूंगा। आज नया इतिहास लिखने की कोशिश हो रही है। हम ऐसा नहीं होने देंगे।

एसएनबी
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment